- क्षेत्रीय विकास निधि योजना के तहत बहुआर, रमपुरवा और पैकौली में बनेगी दो किमी रोड, 2.18 करोड़ होंगे खर्च
निचलौल। ब्लॉक क्षेत्र के गांव बहुआर, रमपुरवा और पैकौली के मुख्य सड़कों के साथ ही गलियों की बदहाल सड़क जल्द ही दुरुस्त हो जाएगी। इसके लिए शासन की ओर से क्षेत्रीय विकास निधि योजना के तहत 2.18 करोड़ रुपये की रकम स्वीकृत की गई है। इतना ही नहीं सड़कों का निर्माण जल्द शुरू करने के लिए शासन की ओर से प्रथम किस्त के रूप में धनराशि भी भेज दी गई है। इन सड़कों के बन जाने के बाद ग्रामीण इलाकों के लोगों को सहूलियत मिलेगी।
संयुक्त सचिव राजेंद्र प्रसाद ने डीएम को 30 मार्च को जारी किए पत्र में बताया है कि क्षेत्रीय विकास निधि योजना के तहत निचलौल ब्लॉक क्षेत्र के रामपुरवा में विभिन्न गलियों में 625 मीटर लंबी सीसी रोड का निर्माण कराने के लिए 67.5 लाख रुपये की स्वीकृत की गई है, जबकि प्रथम किस्त के रूप में 32 लाख रुपये भेजी भी जा चुकी है।
इसी तरह बाॅर्डर से सटे गांव बहुआर में 710 मीटर लंबी सीसी रोड निर्माण के लिए 87.1 लाख रुपये स्वीकृत किया गया है, जबकि इस सड़क को भी जल्द बनवाने के लिए प्रथम किस्त के रूप में 42 लाख रुपये भेजी जा चुकी है। वहीं, गांव पैकौली में 625 मीटर लंबी सीसी रोड के लिए 64.9 लाख रुपये की स्वीकृत की गई है। इसके लिए भी प्रथम किस्त के रूप में 31 लाख रुपये भेजी जा चुकी है।
इन कार्यों को कराने के लिए ग्रामीण अभियंत्रण विभाग कार्यदायी संस्था होगी। ग्रामीणों का कहना है कि ग्रामीण इलाकों की बदहाल सड़कों को दुरुस्त करने के लिए शासन की ओर से सकारात्मक पहल की गई है। क्योंकि ग्रामीण इलाकों के बदहाल सड़कों पर बरसात के दिनों में चलना दुश्वार हो जाता है। उम्मीद है कि इस वर्ष बरसात से पहले ही इन गांवों के बदहाल सड़कों का निर्माण पूरा हो जाएगा। इससे लोगों की दुश्वारियां दूर हो जाएंगी।