महराजगंज। जिलाधिकारी अनुनय झा ने मंगलवार को डूडा और नगर निकायों की समीक्षा कलक्ट्रेट सभागार में की। जिलाधिकारी ने प्रधानमंत्री आवास शहरी की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि जिन प्रकरणों में किश्त मिलने के बाद भी संबंधित लाभार्थी की ओर से आवास पूरा करने में विलंब किया जा रहा है उनके खिलाफ आरसी जारी करें।
इससे पूर्व अपर जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में 30568 आवास के लक्ष्य के सापेक्ष 28838 आवास पूर्ण हो चुके हैं। 368 व्यक्तियों के खिलाफ आरसी जारी की गई है। जिलाधिकारी ने निकायों में वेंडर प्रोफाइलिंग की समीक्षा करते हुए नौतनवां और निचलौल में अपेक्षित वेंडर प्रोफाइलिंग न होने पर नाराजगी व्यक्त की और सभी निकायों को न्यूनतम 80 प्रतिशत वेंडर प्रोफाइलिंग और 90 प्रतिशत फैमिली प्रोफाइलिंग के निर्देश दिए।
निकायों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने 15वें वित्त की परियोजनाओं में टेंडर को पूर्ण करते हुए अनुबंध की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इसमें किसी प्रकार का विलंब न करें। जिलाधिकारी ने अवैध होर्डिंग/फ्लैक्स को अभियान चलाकर हटवाने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी अधिशासी अधिकारियों को प्रवर्तन कार्यों को तेज करने के निर्देश दिए। कहा कि सभी निकाय सफाई शुल्क से प्राप्त राजस्व में वृद्धि करें। उन्होंने आनंदनगर में कम सफाई शुल्क होने पर असंतोष व्यक्त किया। संवाद