नौतनवा। सोहगीबरवा वन्यजीव प्रभाग उत्तरी चौक रेंज के जंगल से भटककर नर सांभर बैरवा बनकटवा गांव के एक घर में घुस गया। सूचना मिलने पर पहुंचे वनकर्मियों ने ग्रामीणों की मदद से उसे पकड़कर जंगल में छोड़ दिया।
जानकारी के मुताबिक, नौतनवा थाना क्षेत्र के गांव बैरवा बनकटवा निवासी मुमताज के घर में मंगलवार की सुबह करीब 9 बजे जंगल से भटककर आया एक सांभर घुस गया। इससे लोग शोर करते हुए घर से बाहर निकल गए। शोर सुनकर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना पाकर खोरिया बाजार चौकी पुलिस भी पहुंच गई। जानकारी मिलने पर डिप्टी रेंजर राकेश कुमार वनकर्मियों के साथ पहुंचे और पकड़ने का प्रयास किया।
सांभर घर से निकलकर गांव में चला गया। पूर्व ग्राम प्रधान मकसूद आलम, महबूब आलम ने ग्रामीणों के साथ पकड़ने का प्रयास किया तो वह पोखरे में चला गया। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद वन कर्मियों ने ग्रामीणों की मदद से उसे पकड़कर जंगल में छोड़ दिया। डिप्टी रेंजर राकेश कुमार ने बताया कि नर सांभर भटककर गांव में चला गया था, जिसे पकड़कर जंगल में छोड़ दिया गया। संवाद