नौतनवा क्षेत्र में छापेमारी कर डीजल और पेट्रोल जब्त करते एसडीएम नवीन प्रसाद एवं सीओ बसंत सिंह।
नौतनवा। एसडीएम नवीन प्रसाद एवं सीओ बसंत सिंह के नेतृत्व में प्रशासन की टीम ने बुधवार की शाम क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की। इस दौरान करीब 500 लीटर डीजल और 110 लीटर पेट्रोल बरामद हुआ।
अवैध बिक्री करने वाले तीन व्यक्तियों को भी हिरासत में लेकर न्यायालय चालान कर दिया। जहां से तीनों को जेल भेज दिया गया।
एसडीएम नवीन प्रसाद ने बताया कि क्षेत्रीय भ्रमण के दौरान देखा गया कि अलग-अलग स्थानों पर बोतलों में डीजल और पेट्रोल की अवैध रूप से बिक्री की जा रही थी। छापेमारी के दौरान पेड़ारी चौराहा पर इन्द्रकमल निवासी निपनिया के पास से 481 लीटर डीजल व 91 लीटर पेट्रोल, परसामलिक निवासी हरीलाल के पास से 20 लीटर डीजल व 14 लीटर पेट्रोल एवं संतोष जायसवाल निवासी जगरनाथपुर के पास से पांच लीटर पेट्रोल की बरामदगी हुई।
छापेमारी के दौरान क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी धर्मेंद्र कुमार, पूर्ति निरिक्षक हर्षवर्धन श्रीवास्तव समेत समस्त क्षेत्रीय थानेदार मौजूद रहे। एसडीएम नवीन प्रसाद ने बताया कि बरामद ईंधन की खेप को जब्त कर तीन व्यक्तियों को हिरासत में लिया गया है। जिनके विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि अभियान के तहत आगे भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।