4.50 लाख पात्र गृहस्थी तो 60 हजार अंत्योदय कार्डधारक
शासन से आदेश जारी, बनाई जा रही व्यवस्था
महराजगंज। नए वित्तीय सत्र में अप्रैल से राशन की दुकान से आधार कार्ड से भी राशन मिल सकेगा। शर्त सिर्फ इतनी है कि उपभोक्ता ई-केवाईसी की प्रक्रिया पूर्ण कर चुके हों। जनपद में 4.50 लाख पात्र गृहस्थी तो 60 हजार अंत्योदय कार्डधारक हैं जिन्हें अप्रैल से इस नई सुविधा मिलेगी।
आधार कार्ड के जरिये राशन मुहैया कराने के लिए शासन की तरफ से पूर्ति विभाग को नई व्यवस्था लागू करने के संबंध में दिशा-निर्देश दिए गए हैं। जिले में करीब 4.50 लाख पात्र गृहस्थी राशन कार्डधारकों को राशन वितरित करने के लिए 1,024 सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान पूर्ति विभाग से संचालित किए जाते हैं। नई व्यवस्था लागू होने से उन लाभार्थियों को भी राशन पाने की सुविधा मिल सकेगी, जिनका राशन कार्ड खो गया है या जो काम के सिलसिले बाहर रहते है। इसके लिए राशन वितरण के लिए इस्तेमाल होने वाली ई-पॉस मशीनों में आधार प्रमाणीकरण का विकल्प उपलब्ध कराया जा रहा है। विभाग राशनकार्ड को आधार से लिंक कराने की लगभग 90 फीसदी प्रक्रिया पूरा करा चुका है। शेष प्रक्रिया पूरी करने के बाद अगले माह से नई व्यवस्था को लागू किया जाएगा।
वर्जन
ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी करने वाले उपभोक्ता के राशन कार्ड आधार से अटैच्ड हो चुके हैं। पारदर्शिता बढ़ाने व सहूलियत बढ़ाने के लिए इसे अगले महीने प्रभावी कर दिया जाएगा। तैयारी शुरू करा दी गई है।
-एपी सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी, महराजगंज