सोनौली बॉर्डर पर लगी वाहनों की कतार।
नेपाल भंसार की धीमी प्रक्रिया और पार्किंग में जलभराव से बढ़ी परेशानी
सोनौली। नेपाल सीमा स्थित सोनौली में मालवाहक वाहनों की कतार बढ़ गई है। सोमवार को भी सीमा पर करीब छह किलोमीटर तक ट्रकों की लंबी कतार लगी रही। नेपाल भंसार की धीमी कस्टम प्रक्रिया और पार्किंग स्थल में जलभराव के कारण वाहनों की निकासी प्रभावित हो रही है। गौरतलब है कि लगातार पांच दिनों तक पांच किमी तक ट्रकों की कतार लगी रही।
सीमा पर जाम की स्थिति सुधारने के लिए नेपाल भंसार प्रशासन ने लगातार तीन दिनों तक दोपहर 12 बजे तक कस्टम कार्य किया। इसके बाद भी जाम से राहत नहीं मिल रही है। रविवार को करीब 250 वाहन ही नेपाल में प्रवेश कर सके, जिससे सीमा पर वाहनों का दबाव बना हुआ है। लंबे इंतजार से परेशान बाहरी राज्यों के चालकों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
चालक सुखबीर, जितेंद्र, अर्जुन निवासी पंजाब और राजस्थान ने बताया कि नौतनवा मालगोदाम से आने वाले लोकल रैक के वाहन सर्विस रोड के रास्ते आसानी से नेपाल पहुंच जा रहे हैं जबकि बाहर से आए ट्रकों को पांच-पांच दिन तक कतार में खड़ा रहना पड़ रहा है।
इसी मुद्दे को लेकर सोमवार को कुछ ट्रक चालक और रैक वाहन चालक के बीच कहासुनी हो गई। करीब दो घंटे तक चले विवाद को अन्य चालकों ने समझाकर शांत कराया। कोतवाल सोनौली महेंद्र कुमार मिश्रा ने बताया कि मामले की कोई सूचना पुलिस को नहीं मिली है।