सिसवा बाजार। क्षेत्र के ग्राम पंचायत मुंडेरी में ‘वीबी-जी रामजी’ योजना के तहत कराए जा रहे कार्यों को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं। भौतिक निरीक्षण के दौरान मजदूरों की उपस्थिति नहीं मिलने की बात सामने आई है।
पांच अक्तूबर को गांव के ही निवासी धर्मेंद्र कुमार ने मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह को शिकायती पत्र दिया है। आरोप लगाया है कि ग्राम सभा मुंडेरी में वीबी-जी रामजी के तहत पोखरे से विनय के घर तक एवं कोदई की दुकान से पंचायत भवन तक झाड़ी कटाई व मिट्टी भराई कराए बगैर श्रमिकों का मस्टररोल भरा जा रहा है। कुछ मजदूरों से मोबाइल नंबर पर संपर्क किया गया तो पता चला कि कोई कप्तानगंज है, तो कोई कुशीनगर गया है। श्रमिकों को पता ही नहीं है कि मस्टर रोल में उनके भी नाम हैं।
कुल 155 श्रमिकों की हाजिरी दो अक्तूबर को भरी गई थी, जबकि उनमें से दो लोग बाहर गए थे। दो महिलाओं को पता ही नहीं है कि उनकी हाजिरी कैसे लगी है। शिकायतकर्ता ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच एवं दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
इस संबंध में खंड विकास अधिकारी अर्जुन सिंह ने बताया कि एडीओ से मामले की जांच कराई जाएगी। अनियमितता पाए जाने पर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।