महराजगंज। जिले में बोर्ड परीक्षा से पहले समस्त माध्यमिक विद्यालयों में इस समय प्री-बोर्ड परीक्षा आयोजित कराई जा रही है। जिले भर में कुल 70,701 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। नकलविहीन और पारदर्शी परीक्षा सुनिश्चित करने के लिए शिक्षा विभाग द्वारा सचल दल सहित अन्य निगरानी टीमें भी गठित की गई हैं और कड़े निर्देश जारी किए गए हैं।
इसी बीच शनिवार को राष्ट्रीय इंटर कॉलेज बाली से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में छात्र अपने फेसबुक अकाउंट पर प्री-बोर्ड परीक्षा की लिखित उत्तर पुस्तिकाएं (कॉपियां) दिखाते हुए नजर आ रहा है। वीडियो के सामने आते ही परीक्षा की सुचिता और गोपनीयता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। डीआईओएस प्रदीप कुमार शर्मा ने बताया कि मामले की जांच कराई जाएगी।