पूरे दिन सड़कों पर बह रहा पानी, कीचड़ युक्त मार्ग से आवागमन में भी समस्या
करोड़ों खर्च और तमाम प्रयासों के बाद भी धरातल पर अभियान को नहीं पहना सके अमलीजामा
नौतनवा। आमजन को शुद्ध पेयजल मुहैया कराने के तमाम सरकारी दावों, प्रयासों और करोड़ों खर्च के बावजूद धरातल पर इस योजना को अमलीजामा नहीं पहनाया जा सका है। शहर के कई हिस्सों में अभी भी पाइप लाइन टूटने और लीकेज की समस्या के चलते लोग शुद्ध पेयजल के लिए परेशान हैं। लोगों को मजबूरन अतिरिक्त धन खर्च कर अपनी प्यास बुझानी पड़ रही है।
आलम यह है कि विष्णुपुरी नगर, सिद्धार्थ नगर, शास्त्री नगर, तहसील रोड, भुन्डी मोहल्ला एवं परसोहिया मोहल्ला समेत कई स्थानों पर पानी सप्लाई के लिए बिछाई गई पाइप लाइनों के आए दिन टूटने एवं लीकेज होने की समस्या बनी रहती है। कई स्थानों पर तो सप्लाई चालू होने पर पानी पाइप के रास्ते बहता ही रहता है। इससे सड़क पर गंदे पानी का जमाव होने से घरों में भी दूषित पानी ही पहुंच रहा है। वहीं मार्ग से होकर आवागमन में भी लोगों को समस्या झेलनी पड़ रही है। नागरिक आशा देवी ने बताया कि पाइप लाइन टूट जाने से कभी-कभी सप्लाई के दौरान टोटी से नाली का पानी भी निकलने लगता है। वहीं मटमैला पानी आने की समस्या तो जैसे आम बात हो गई है। जानकारी के बाद भी कोई इसकी सुधि लेने वाला नहीं है।
रवींद्र राजा ने बताया कि महीनों से पानी सड़क पर बह रहा है। जिसके कारण घरों में भी गंदगी युक्त पानी आते रहते हैं। साथ ही साथ सड़कें भी कीचड़ से सनी रहती हैं। जानबूझकर शिकायत की अनदेखी किसी दिन बड़ी समस्या का कारण बन सकती है। लोगों का आरोप है कि संज्ञान में होने के बाद भी जिम्मेदार समस्या का कोई ठोस समाधान निकालने में जरा भी रुचि नहीं ले रहे हैं।
अधिशासी अधिकारी संदीप कुमार सरोज ने बताया कि नगर में जहां भी कहीं लीकेज या पाइपलाइन टूटने की शिकायत मिलती ही तत्काल ही उसकी मरम्मत कराकर व्यवस्था दुरुस्त कराई जाती है। कई जगह पर कार्य भी चल रहा है। नागरिकों को पेयजल के लिए समस्या न उठानी पड़े इसके लिए विभाग पूरी तरह से गंभीर और लगातार तत्पर है।