पकड़े गए आरोपियों के पास से चोरी के सामान व असलहा बरामद
आरोपियों के विरुद्ध कई थानों में दर्ज है प्राथमिकी
फरेंदा। पुरंदरपुर पुलिस ने शुक्रवार को सेमरहनी जंगल के किनारे से मुखबिर की सूचना पर तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया। पकड़े गए तीनों आरोपियों के पास से चोरी के सामान व असलहा, कारतूस व नकद बरामद किया गया। आरोपियों के खिलाफ जिले के कई थानों में प्राथमिकी दर्ज है।
थानाध्यक्ष गौरव राय कन्नौजिया के अनुसार, पुरंदरपुर थाना क्षेत्र के हरैया रघुवीर में 12 जुलाई को पीड़ित गंगाराम अपने रिश्तेदार के घर मुंडन संस्कार में गया था। उसी रात चोरों ने पीड़ित के घर का ताला तोड़कर एक सिलाई मशीन, एक सिलिंडर कुछ बर्तन, एक पाजेब, कान की बाली तथा कुछ नकद रुपये चुरा लिया। वापस लौटने पर देखा कि मकान में चोरी हुई है। इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी।
पुलिस ने शिकायती पत्र के आधार पर धारा 305, 331 (3) बीएनएस बनाम अज्ञात के खिलाफ दर्ज किया गया। पकड़े गए आरोपियों में गोविंद उर्फ गोभी निवासी करमहवां बुजुर्ग, दिनेश यादव निवासी बड़हरा थाना सदर कोतवाली व सुजीत यादव निवासी करमहवां बुजुर्ग थाना पुरंदरपुर के पास से बरामद सामान के आधार पर चोरों ने अपराध स्वीकार किया।
आरोपियों के पास से एक अवैध देशी तमंचा, एक अवैध देशी तमंचा 22 एमएम बोर, दो कारतूस, पांच जिंदा कारतूस, गैस सिलिंडर दो, एक बाइक, तीन मोबाइल, एक पीली धातु की अंगूठी, एक पायल, सफेद धातु के छह सिक्के, एक एलईडी टीवी, पीली धातु की थाली एक व 20,420 रुपये नकद बरामद किया गया।