फरेंदा/लक्ष्मीपुर। पुरंदरपुर थाना क्षेत्र में सड़क दुर्घटना में बच्चे की मौत के मामले में पुलिस ने वांछित आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। विवेचना में सामने आया कि आरोपित बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस के लापरवाहीपूर्वक वाहन चला रहा था। इसी दौरान हुई दुर्घटना में बच्चे की मृत्यु हो गई थी। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया।
गौरतलब हो कि 12 अक्तूबर को पुरंदरपुर थानाक्षेत्र के ग्राम रघुनाथपुर के टोला कोदईपुर गिदहा में अनियंत्रित कार की चपेट में आने से दो साल के बच्चे की मौत हो गई थी। बच्चा दुर्गा पंडाल के सामने खेल रहा था। इस मामले पुरंदरपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज हो गई थी।
थानाध्यक्ष गौरव राय कन्नौजिया के अनुसार, रघुनाथपुर गांव के गिदहा टोला निवासी मंजेश पासवान मामले में वांछित चल रहा था। पुरंदरपुर पुलिस ने उसे रानीपुर चौराहे से आगे पुल के पास से गिरफ्तार किया। पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर आरोपित को न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक राकेश कुमार और कांस्टेबल शुभम पाल शामिल रहे।