महराजगंज। जिला महिला अस्पताल में रविवार को बच्चों को पोलियो की ड्राॅप पिलाकर सदर विधायक जयमंगल कन्नौजिया ने पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ किया। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को दो बूंद जिंदगी की जरूर पिलाएं।
जिला संयुक्त चिकित्सालय एवं जिला महिला अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एके द्विवेदी ने बताया कि अपने भारत में पोलियो का उन्मूलन वर्षों पहले हो चुका है। पड़ोसी देशों पाकिस्तान और अफगानिस्तान में पोलियो के वायरस अभी भी मौजूद हैं। इसकी वजह से देश को सुरक्षित रखने के लिए शून्य से पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाती है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. नवनाथ प्रसाद ने अभियान की जानकारी देते हुए कहा कि रविवार की जिले में 1370 पोलियों बूथ एवं 79 ट्रांजिट बूथ के जरिए दवा पिलाई गई। 29 जून से 886 टीम घर-घर जाकर पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो रोधी दवा पिलाएगी। अभियान का पर्यवेक्षण करने के लिए 264 पर्यवेक्षक लगाए गए हैं।
इस अवसर पर जिला संयुक्त चिकित्सालय के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. एवी त्रिपाठी, डिप्टी सीएमओ डॉ. केपी सिंह, डिप्टी सीएमओ डॉ. नीरज लाल कन्नौजिया, जिला स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी श्रीभागवत सिंह मौजूद रहे।
नौतनवा संवाद के अनुसार, चेयरमैन बृजेश मणि त्रिपाठी ने रविवार को नगर स्थित आदर्श जूनियर हाई स्कूल में आयोजित पोलियो दिवस का 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो दवा की खुराक पिलाकर इस अभियान का शुभारंभ किया।