महराजगंज। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा और पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा के नेतृत्व में जनपद के सभी अधिकारी सदर स्थित उसरहवा वनग्राम पहुंचे और ग्रामीणों की समस्याओं का निस्तारण किया।
जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की पहल पर शुरू हुए जनशिविर के अंतर्गत उसरहवा वनग्राम पहुंचकर लोगों की समस्याओं का निस्तारण किया गया। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने स्वयं लोगों की समस्याओं को सुना और निस्तारण के लिए आवश्यक निर्देश दिया। इसके अलावा मौके पर ही योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के लिए आवेदन कराया गया।
इस अवसर पर सूर्यमन, राममिलन और रामअचल को वृद्धावस्था पेंशन, शीला, नजबून निशा व लीलावती को निराश्रित महिला पेंशन का वितरण किया गया। इसी प्रकार भगवन्ता, आरती और मकोल को प्रधानमंत्री आवास की प्रतीकात्मक चाबी प्रदान किया गया।
जिलाधिकारी ने आंगनबाड़ी केंद्र के बच्चों के लिए कुर्सी-मेज भेंट किया। जनशिविर में आयोजित स्वास्थ्य शिविर में लगभग 100 लोगों ने प्राथमिक स्वास्थ्य परीक्षण कराकर दवा प्राप्त किया। सभी को फाइलेरिया की दवा भी खिलाई गई। पशुपालन विभाग द्वारा भी 140 पशुओं को पेट में कीड़े की दवा वितरित किया गया। इसके अलावा वृद्धावस्था, निराश्रित महिला पेंशन सहित विभिन्न योजनाओं का आवेदन कराया गया।
जिलाधिकारी कहा कि जनशिविर का उद्देश्य प्रशासन को आपके द्वार पर लाना है। सोहगीबरवा क्षेत्र का विकास शासन और मुख्यमंत्री की शीर्ष प्राथमिकता है। शासन की इसी मंशा के जमीनी क्रियान्वयन के लिए पूरा जिला प्रशासन यहां उपस्थित है। उन्होंने कहा कि इससे पूर्व भी यहां के 132 लोगों को वृद्धावस्था पेंशन, 27 महिलाओं को निराश्रित महिला पेंशन और 05 लोगों को दिव्यांग पेंशन का लाभ मिल रहा है। 419 लोगों को अंत्योदय राशन कार्ड प्रदान किया गया है, जबकि 333 ग्रामीणों के पास पात्र गृहस्थी कार्ड है।
मुख्य विकास अधिकारी अनुराज जैन ने कहा कि जिला प्रशासन का पूरा प्रयास होगा की आपकी सभी समस्याओं का गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए।
कार्यक्रम का संचालन डीडीओ बीएन कन्नौजिया ने किया। जनकल्याण शिविर में सीएमओ डॉ. श्रीकांत शुक्ला, एसडीएम सदर जितेंद्र कुमार, पीडी रामदरश चौधरी अधिकारी उपस्थित रहे।