नईकोट रेलवे स्टेशन प्लेटफार्म का चल रहा उच्चीकरण कार्य
अड्डा बाजार। गोरखपुर-नौतनवा रेलखंड के नईकोट रेलवे स्टेशन प्लेटफाॅर्म के उच्चीकरण निर्माण कार्य में घटिया सामग्री प्रयोग करने का आरोप लगाकर रविवार को लोगों ने प्रदर्शन किया। इस दौरान लोगों ने मानकों के अनुसार निर्माण कार्य कराने की मांग की।
जानकारी के मुताबिक, करीब एक सप्ताह से नईकोट का प्लेटफार्म ऊंचा करने का काम चल रहा है। ग्रामीण देश दीपक पांडेय ने बताया कि रेल पटरी के समानांतर प्लेटफॉर्म ऊंचा करने के लिए ईंट की चौड़ी दीवार बनाई जा रही है। फाउंडेशन में तृतीय स्तर का घटिया ईंट और महीन बालू इस्तेमाल किया जा रहा है। इससे मजबूती प्रभावित होगी और खामियाजा क्षेत्र के रेल यात्रियों को भुगतना पड़ेगा।
कहा कि मोबाइल के जरिए रेलवे के एक अधिकारी को मामले से अवगत कराया गया और तत्काल गुणवत्ता सुधार करने की मांग की गई। स्थानीय अशोक सिंह ने कहा कि अनियमिता इस कदर हावी है कि नींव में रेल पटरी के पत्थर ही बिछा दिए गए। दोयम दर्जे का ईंट और बालू इस्तेमाल किया गया। सीमेंट और बालू के मिलाने का अनुपात भी सही नहीं रखा गया है। बंशीधर पांडेय ने कहा कि गुणवत्ता सही नहीं होने के नाते क्षेत्र के लोगों ने प्लेटफार्म पहुंचकर विरोध जताया है। सुधार नहीं किया गया तो चुप नहीं बैठेंगे। इस मौके पर बेचू गुप्ता, कृष्णा गुप्ता, अवधेश सिंह, तीजू प्रसाद, पांचू प्रजापति सहित अन्य मौजूद रहे।