सोनौली। भैरहवा पोखरा टीचिंग अस्पताल सहित पूरे नेपाल की नर्सों ने उचित वेतन और सुविधाओं की मांग को लेकर शुक्रवार को विरोध प्रदर्शन किया। आंदोलित नर्सें बीते रविवार से वह इसलिए विरोध प्रदर्शन कर रही हैं, क्योंकि उन्हें सरकारी मानकों से कम वेतन और जोखिम भत्ता नहीं मिलता। साथ ही उनके साथ सही व्यवहार नही किया जाता है।
जानकारी के मुताबिक, टीचिंग अस्पताल में कार्यरत नर्सों को केवल 15 से 20 हजार रुपये वेतन मिलता है, जो सरकारी मानक 34 हजार रुपये से काफी कम है। उनकी शिकायत है कि उन्हें ओवरटाइम भत्ता और अन्य सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। पोखरा में पिछले दो सप्ताह से नर्सें विरोध प्रदर्शन कर रही हैं। जबकि भैरहवा में शुक्रवार पांचवें दिन भी उनका प्रदर्शन जारी था। भारतीय सीमा से सटे नेपाल के भैरहवा मेडिकल कालेज की नर्सों ने बेहतर वेतन, भत्ते और कार्य-परिस्थितियों में सुधार की मांग को लेकर शुक्रवार को भी अस्पताल परिसर में नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। आंदोलन के कारण अस्पताल की अधिकांश सेवाएं ठप पड़ी रहीं और रोगियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।