महराजगंज। उच्च न्यायालय में अधिवक्ताओं के कथित उत्पीड़न और अवमानना की कार्रवाई के विरोध में शनिवार को सिविल कोर्ट बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं ने बाइक रैली निकालकर विरोध प्रदर्शन किया। अधिवक्ताओं ने हाथों में काले झंडे और मांगों से संबंधित स्लोगन लिखे फ्लैक्स लेकर सिविल कोर्ट परिसर से सक्सेना चौक तक रैली निकाली।
अध्यक्ष धीरेंद्र मिश्रा और महामंत्री प्रमोद त्रिपाठी के नेतृत्व में अधिवक्ताओं ने प्रदेशव्यापी चार सूत्री मांगों को पूरा करने की आवाज उठाई। अधिवक्ताओं का विरोध 27 और 28 अक्तूबर को इलाहाबाद उच्च न्यायालय के दो न्यायाधीशों की ओर से अधिवक्ताओं को कथित रूप से अपमानित करने व अवमानना की कार्रवाई किए जाने के विरोध में है।
महामंत्री प्रमोद त्रिपाठी ने कहा कि अधिवक्ताओं का उत्पीड़न बंद किया जाए और प्रदेशव्यापी चार सूत्री मांगों को पूरा किया जाए। जब तक मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं होती, तब तक सिविल कोर्ट के अधिवक्ता प्रत्येक शनिवार को विरोध प्रदर्शन जारी रखेंगे। उन्होंने सरकार और न्यायपालिका से अधिवक्ताओं की समस्याओं का समाधान करने की मांग की।
धर्मेंद्र त्रिपाठी ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल के आदर्शों को आत्मसात करते हुए अधिवक्ताओं को अपने मौलिक अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुट होना होगा। उन्होंने अधिवक्ताओं के सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष करने का आह्वान किया।
बाइक रैली के बाद अधिवक्ताओं ने आमसभा की बैठक कर आंदोलन को आगे बढ़ाने पर चर्चा की। इसमें पूर्व अध्यक्ष जितेंद्र सिंह, अनूप सिंह, सत्य प्रकाश सिंह, वकील प्रजापति, वशिष्ठ मिश्रा, संतोष पटेल, सुरेंद्र सिंह गांधी, महताब, अभिजीत सिंह, जमशेद आलम, गणेश प्रसाद, द्विजेंद्र दूबे, हरेंद्र मिश्रा, कैलाश अग्निहोत्री, कौशल किशोर पांडेय, दयाराम चौधरी, आशीष शुक्ला, महेंद्र पांडेय, गिरिजेश मिश्रा और अरुण सिंह सहित अन्य अधिवक्ता मौजूद रहे।