मधेसी नेताओं ने कहा कि अब सशक्त रूप से नाकेबंदी की जाएगी। इसमें गैर मध्ेासी और थारू भी हम लोगों के समर्थन में आ गए हैं। 27 तारीख से रूपन्देही जिले में नाकेबंदी की घोषणा की गई है तथा 30 अक्टूबर से सोनौली बॉर्डर नोमेन्सलैंड पर जाम कर भारत से होने वाली आपूर्ति को रोक देंगे। हमारी लड़ाई निर्णायक मोड़ पर है। हमें सफलता जरूर मिलेगी।
ये बातें रविवार की सुबह 10 बजे भैरहवां के एक सभागार में संयुक्त रूप से प्रेसवार्ता कर संयुक्त मधेसी मोर्चा के वरिष्ठ नेता संतोष पांडेय ने कहीं।
उन्होंने कहा कि नेपाल में वर्तमान परिस्थिति से सरकार गंभीर नहीं हो रही है। आज काठमांडू में केंद्रीय नेताओं के साथ हो रही बैठक में हमें विश्वास नहीं है। भारत से जुड़ने वाले सभी बॉर्डर बंद हैं।
नवलपरासी और कृप्णानगर जिला आज से पूर्णत: बंद हो गया है। 30 तारीख से हम सोनौली के नोमेन्सलैंड पर प्रदर्शन कर कस्टम कार्यालय घेरने का काम करेंगे। इसके बाद भी अगर मित्रराष्ट्र भारत के वाहन नेपाल में प्रवेश किए तो हम उसे विस्फोट कर वाहन उड़ा देंगे।
हमारे शांतिपूर्ण आंदोलन को अगर कमजोर समझा गया तो यह भूल होगी। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि भारतीय वाहन न भेज कर हमारे बंदी में सहयोग करें।
संघीय समाज वादी फोरम रूपन्देही अध्यक्ष महेन्द्र यादव ने बताया कि 27 तारीख से आंदोलन और उग्र होगा अभी 70 दिनों से चल रहे आंदोलन में 43 दिन भन्सार नाकेबंदी से नेपाल में तबाही मच गई है।
खाद्य समेत कई सामान की किल्लत हो गई है। नेपाल सरकार नाकेबंदी का भारत पर आरोप लगा रही है जब कि वीरंगज, विराटनगर जैसे बड़े बॉर्डर 70 दिनों से पूर्णत: बंद हैं।
रविवार को दशहरा के त्योहार के बाद नवलपरासी, कपिलवस्तु, कैलाली, नाकेा को मधेसियों ने बंदी करा दी। तराई मधेस लोकतांत्रिक पार्टी के रूपेन्देही अध्यक्ष अजय वर्मा ने कहा कि स्थानीय स्तर पर यहां के लोगों को त्योहार में छूट दिया गया था, हमारा आंदोलन जारी है।
बंदी यथावत है। अब हम लोगों का आंदोलन और उग्र होगा। तराई मधेस सद्भावना पार्टी के अध्यक्ष श्रीनिवास यादव ने कहा कि कोण सभा का आयोजन कर मधेसियों को एकत्रित कर 30 को सोनौली बॉर्डर पर पहुंचा जाएगा।
सद्भावना पार्टी के केंद्रीय उपाध्यक्ष गुलजारी यादव ने कहा कि बॉर्डर पाबंदी के दौरान तस्करी बढ़ गई है। जिसे रोकने के लिए आज ही निर्देशित किया गया है। ईंधन तस्करी करने वाले दंडित किए जाएंगे। इससे हम लोगों की बंदी का उल्लंघन हो रहा है।