लक्ष्मीपुर ब्लॉक कर्मियों की लापरवाही कई गांवों के चुनाव परिणाम पर भारी पड़ सकता है। लापरवाही से गुस्साए मझौली वालों ने ब्लाॅक पर हंगामा किया। उनका आरोप था कि कुछ खास लोगों को लाभ पहुंचाने की नियत से परिवर्धन सूची ब्लॉक पर ही रख ली गई है ताकि मतदाता सूची से वंचित लोगों का नाम बढ़ न सके।
गांव वालों ने आरोप लगाया कि मतदाता सूची में हेराफेरी की जा रही है। नाबालिगों को सूची में जगह दिया गया है। कुछ खास लोगों को लाभ पहुंचाने के लिए पात्रों की ही परिवर्धन सूची दबा दी गई। इसका खुलासा तब हुआ जब शुक्रवार को ग्राम पंचायत मझौली के लोगों ने ब्लॉक पहुंच कर मतदाता सूची की जानकारी मांगी।
प्रभावित गांवों में कजरी, महुअवा अडडा, जमुहरा कला, मझौली व बहोरपुर शामिल है। बीडीओ राम कुमार उपाध्याय ने एसडीएम के पास अनुरोध पत्र भेजकर सूची ठीक कराने की बात कही।
सहायक विकास अधिकारी ने सफाई कर्मी सुधीर कुमार व मनोज कुमार को निलंबित करने के लिए जिला पंचायत राज अधिकारी से अनुरोध किया। राजन पांडेय, मनोज मिश्रा, आशीष, विकास, देवेंद्र, राम सहाय, नंन्दकिशोर, प्रभाकर आदि मौजूद रहे।