जिले में दो जगह पॉलिटेक्निक कॉलेज का निर्माण कार्य चल रहा है। देर शाम को प्राविधिक शिक्षा विभाग के संयुक्त निदेशक शैलेंद्र प्रताप चौधरी ने पुरैना घुघली तथा महामाया पॉलिटेक्निक महराजगंज के भवन का निरीक्षण किया। दोनों जगह निर्माण में प्रयोग की गई सामग्री पर नाराजगी जताई। सामानों की गुणवत्ता में सुधार लाने का निर्देश दिया है।
पुरैना खंडी घुघली पॉलिटेक्निक का निर्माण आवास विकास परिषद द्वारा कराया गया है। बताया कि इसमें पिछले आठ महीने से कार्य ठप है। जबकि पानी टंकी नही बनाई गई है। आवासीय भवनों का निर्माण नहीं कराया गया है। कार्यशाला तथा महिला छात्रावास तक आने जाने के लिए सड़क भी नहीं बनाई गई है।
इन सब कार्यों के लिए धन आवंटित है पर भवन कार्य अपूर्ण होने से विभाग इसको संचालित नहीं कर पा रहा है। आवास विकास परिषद के खिलाफ रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी। बताया कि पॉलीटेक्निक महराजगंज में पानी टंकी नहीं बनाई गई है साथ ही छात्रावास का निर्माण कार्य अभी शुरू नहीं हुआ है।
बिजली कनेक्शन नहीं कराया गया है। कार्यदायी संस्था पैक्स फेड के अभियंता ने बताया की अगले चार महीनों में निर्माण कार्य पूरा कर विभाग को सौंप दिया जायेगा।