रैन बसेरों में कुल 171 व्यक्तियों के ठहरने की क्षमता सुनिश्चित की गई
महराजगंज। जिले में ठंड का असर बढ़ते ही गरीब, बेसहारा और जरूरतमंद लोगों को राहत पहुंचाने के लिए प्रशासन सक्रिय हो गया है। रात में ठंड से ठिठुरते राहगीरों, रिक्शा चालकों और बाहर रहने को मजबूर लोगों को सुरक्षित ठहराव उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिले के 11 निकायों में कुल 13 अस्थाई व स्थाई रैन बसेरों की व्यवस्था की गई है। इन रैन बसेरों में कुल 171 व्यक्तियों के ठहरने की क्षमता सुनिश्चित की गई है। साथ ही 269 स्थानों पर अलाव जलाने की व्यवस्था की गई है।
जिले में तीन नगर पालिका परिषद महराजगंज, सिसवा और नौतनवा व आठ नगर पंचायतों चौक बाजार, बृजमनगंज, आनन्दनगर, सोनौली, घुघुली, निचलौल, पनियरा और परतावल में ठंड से निपटने को लेकर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। प्रशासन की ओर से जारी निर्देशों के बाद सभी निकायों ने रैन बसेरा और अलाव व्यवस्था को अंतिम रूप दे दिया है। जिला प्रशासन की रिपोर्ट के अनुसार, कुल 13 रैन बसेरों में से 10 स्थायी और 3 अस्थायी बनाए गए हैं। सभी स्थानों पर पथप्रकाश, शुद्ध पेयजल, साफ-सफाई, बिस्तर, कंबल और सुरक्षा की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। सभी रैन बसेरों में रातभर ठहरने वाले जरूरतमंदों के लिए बिस्तर, कंबल, पीने का पानी और प्रकाश की व्यवस्था उपलब्ध कराई गई है।
रैन बसेरा प्रभारी नियमित रूप से निगरानी करेंगे और किसी भी शिकायत पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। कई बार रात में खुले में रहने को मजबूर गरीब परिवार, राहगीर और रिक्शा चालक ठंड की मार झेलते हैं। प्रशासन ने इस वर्ष विशेष सतर्कता दिखाते हुए ऐसी जगहों पर रैन बसेरे और अलाव की संख्या बढ़ाई है।
नगर पालिका परिषद महराजगंज
रैन बसेरा नंबर–2: 50 बेड
रैन बसेरा नंबर–1: 10 बेड
-
नगर पंचायत घुघली
वार्ड नंबर 7 में 1 रैन बसेरा: 5 बेड
नगर पंचायत पनियरा
दो स्थानों पर रैन बसेरा
प्रत्येक में 5–5 बेड
नगर पंचायत परतावल
1 स्थान पर रैन बसेरा: 6 बेड
नगर पंचायत चौक बाजार
वार्ड नंबर 3, सरदार पटेल नगर
वार्ड नंबर 15, गुरु गोरखनाथ नगर
दोनों स्थानों पर कुल 12 बेड की व्यवस्था
नगर पंचायत आनन्दनगर
वार्ड नंबर 6 में रैन बसेरा: 17 बेड
नगर पंचायत बृजमनगंज
शहीद स्मारक नगर में रैन बसेरा: 12 बेड
नगर पालिका परिषद सिसवा
यात्री निवास पर रैन बसेरा: 10 बेड
नगर पंचायत निचलौल
वार्ड संख्या 12, कृष्णानगर में रैन बसेरा: 10 बेड
नगर पालिका परिषद नौतनवा
एक स्थान पर रैन बसेरा: 9 बेड
-
नगर पंचायत सोनौली
वार्ड नंबर 10, जानकी नगर में रैन बसेरा: 20 व्यक्तियों की क्षमता
-
जीपीएस सिस्टम से होगी निगरानी
ठंड से राहत दिलाने के लिए जिलेभर में कुल 269 स्थानों पर अलाव जलाने की व्यवस्था बनाई गई है। जीपीएस सिस्टम से निगरानी होगी। निकायवार प्रभारी नियुक्त किए गए हैं। प्रतिदिन अलाव जलने की वीडियो रिकॉर्डिंग करेंगे और इसे पोर्टल पर अपलोड करेंगे, ताकि पारदर्शिता बनी रहे। जिला प्रशासन ने दिशा-निर्देश जारी किया है कि जहां-जहां अलाव जलाए जा रहे हैं उन सभी स्थानों की जीपीएस लोकेशन से निगरानी की जाएगी।
-
सभी अधिशासी अधिकारियों को निर्देश दिया है कि रैन बसेरों में किसी भी प्रकार की कमी न रहने पाए। साफ-सफाई, कंबल वितरण, पीने के पानी और बिजली की उपलब्धता पर निरंतर निगरानी करने का आदेश दिया गया है। रैन बसेरों की गतिविधियों की दैनिक रिपोर्ट देने के लिए निर्देशित किया गया है।
-डॉ. प्रशांत कुमार, एडीएम(वित्त एवं राजस्व)