महराजगंज। जिले के वनटांगिया समुदाय को अधिकार दिलाने की कवायद तेज हो गई है। निचलौल तहसील क्षेत्र के ग्राम पंचायत बजहां उर्फ अहिरौली के खट्टी टोले को वनटांगिया ग्राम घोषित करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।
इस संबंध में समाज कल्याण अधिकारी ने चार नवंबर को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय समिति की बैठक बुलाई है। बैठक में 108 व्यक्तिगत नवीन दावों और एक सामुदायिक दावे पर विचार-विमर्श कर उनके निस्तारण की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
समाज कल्याण अधिकारी विपिन कुमार यादव ने बताया कि चार नवंबर को सुबह 11:30 बजे कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित होगी। इसमें प्रभागीय वनाधिकारी, उपजिलाधिकारी निचलौल, तहसीलदार निचलौल सहित संबंधित अधिकारियों को उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं। बैठक में दावों से संबंधित अभिलेखीय साक्ष्यों के साथ प्रतिपरीक्षण करना अनिवार्य बताया गया है। इसके बाद बजहां उर्फ अहिरौली खट्टी टोले को वनटांगिया ग्राम घोषित किए जाने के प्रस्ताव पर निर्णय की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।
उधर, वनटांगिया विकास समिति ने भी जिले के वनटांगिया परिवारों को अधिकार पत्र दिलाने की मांग उठाई है। समिति के अध्यक्ष जयराम प्रसाद ने जिला समाज कल्याण अधिकारी को पत्र देकर बताया है कि जिले में पहले से 18 वनटांगिया गांव हैं। इसके अलावा निचलौल तहसील के बजहां उर्फ अहिरौली स्थित खट्टी गांव के लोग भी लंबे समय से अधिकार पत्र से वंचित हैं।
अधिकार पत्र जारी करने की मांग
समिति के अनुसार, शासनादेश के तहत संबंधित ग्रामीणों ने दावा पत्र भरकर तहसील स्तर पर जमा किए थे। तहसील स्तर पर सत्यापन के बाद इन दावों को जिला स्तरीय समिति के पास भेज दिया गया है। इसके बावजूद अभी तक पात्र परिवारों को अधिकार पत्र नहीं मिल सका है। समिति ने जिला स्तरीय बैठक कर लंबित प्रक्रिया पूरी कराने और पात्र लोगों को अधिकार पत्र जारी करने की मांग की है।
प्रशासन की बैठक पर ग्रामीणों की निगाहें
अध्यक्ष जयराम प्रसाद का कहना है कि अधिकार पत्र मिलने से ग्रामीणों को उनके अधिकारों का लाभ मिल सकेगा। अब चार नवंबर को होने वाली बैठक पर बजहां उर्फ अहिरौली खट्टी टोले के ग्रामीणों की निगाहें टिकी हैं। उन्हें उम्मीद है कि बैठक में दावों का परीक्षण पूरा कर वनटांगिया ग्राम घोषित करने की दिशा में सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा।