महराजगंज। जिले में संचालित होने वाले परिषदीय विद्यालयों के निरीक्षण में जिले के प्रशासनिक अधिकारियों की ओर से रूचि नहीं ली जा रही है। इसी वजह से न तो निरीक्षण का लक्ष्य पूरा हो रहा है और न ही विभागीय जिम्मेदार इस पर गंभीरता दिखा रहे हैं। ऐसे में लक्ष्य को पूरा करने के लिए बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से सितंबर से लेकर 31 अक्तूबर तक विशेष अभियान चलाने व नियमित रूप से निरीक्षण किए जाने का भी निर्देश दिया गया है।
जिले में कुल 1695 परिषदीय विद्यालय चलते हैं। इन विद्यालयों में बच्चों व शिक्षकों का ठहराव सुनिश्चित करने के लिए अभियान चला कर निरीक्षण किए जाने के निर्देश दिए गए हैं। प्रत्येक माह जिलाधिकारी व मुख्य विकास अधिकारी को पांच-पांच, जिला स्तरीय टास्क फोर्स के अधिकारियों को 55 व ब्लॉक स्तरीय टास्क फोर्स को 125 विद्यालय का निरीक्षण करना है। जिसकी तुलना में अगस्त माह में जिलाधकारी व मुख्य विकास अधिकारी के साथ ही जिला स्तरीय व ब्लॉक स्तरीय टास्क फोर्स की ओर से विद्यालयों के निरीक्षण में रूचि नहीं दिखाई जा रही है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला समन्वयक मध्याह्न भोजन के साथ ही खंड शिक्षा अधिकारियों व अन्य शैक्षिक कर्मियों की ओर से किए जा रहे निरीक्षण की प्रगति ठीक पाई गई।
45 दिन में जांच करते हुए सुधारनी होगी स्थिति
जिले में कुल 45 दिनाें में व्यस्ततम कार्यों के बीच विशेष अभियान चलाते हुए विद्यालयों का शत-प्रतिशत निरीक्षण करना होगा। ऐसा न करने वालों की जवाबदेही भी तय होगी।
-
स्कूल शिक्षा महानिदेशक की ओर से भेजे गए पत्र में निरीक्षण की स्थिति खराब है। उसे सुधारने की दिशा मेें सभी को आवश्यक कदम उठाने को कहा गया है।
-श्रवण कुमार गुप्ता, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी