डीएम और सीडीओ समय-समय पर कर रहे समीक्षा
12 संकुल स्तरीय समिति करेगी स्वच्छता किट निर्माण व वितरण का कार्य
महराजगंज। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़ी स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को स्वच्छता उत्पादों के निर्माण और वितरण से जोड़ने की तैयारी तेज हो गई है। अब जिले के प्रत्येक गांव के सामुदायिक शौचालय में सफाई के लिए इस्तेमाल होने वाले उत्पाद आजीविका समूह से खरीदे जाएंगे।
स्वच्छता उत्पाद और वितरण का कार्य अभी मिठौरा, पनियरा और सदर ब्लाक में शुरु हो गया है। अन्य ब्लाकों में भी इसी माह में शुरू हो जाएगा। समय-समय पर इसकी समीक्षा जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी द्वारा की जा रही है। सामुदायिक शौचालयों की सफाई के लिए समूह की महिलाओं की ओर से तैयार स्वच्छता किट उपलब्ध कराई जाएगी।
किट में फिनायल, हैंडवॉश, फ्लोर क्लीनर और टॉयलेट क्लीनर शामिल होंगे। इसका उपयोग सामुदायिक शौचालयों की नियमित साफ-सफाई में किया जाएगा। इससे एक ओर शौचालयों में स्वच्छता व्यवस्था बेहतर होगी, वहीं दूसरी ओर स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को उत्पाद तैयार करने और बेचने का बाजार मिलेगा।
जिले में 12 संकुल स्तरीय समितियों को आजीविका गतिविधि से जोड़कर स्वच्छता उत्पाद तैयार कराने की योजना है। वर्तमान में पनियरा, सदर और मिठौरा की संकुल समितियों की ओर से उत्पाद निर्माण और वितरण का कार्य शुरू किया जा चुका है। अन्य नौ विकास खंडों में उत्पाद तैयार करने के लिए आवश्यक कच्चे माल की खरीद की जा रही है। विभाग का लक्ष्य इसी माह में सभी विकासखंडों में स्वच्छता उत्पाद का निर्माण शुरू करने का है। इस कार्य से करीब 250 महिलाएं जुड़ी हैं।
जिला मिशन प्रबंधक अजय कुमार पांडेय ने बताया कि जिलाधिकारी व मुख्य विकास अधिकारी इस गतिविधियों समय समय पर समीक्षा कर समूह की महिलाओं के अधिक से अधिक आय बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है। विभाग की ओर से समूह की महिलाओं के उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किया जा रहा है। अभी तीन विकासखंडों में उत्पादन और वितरण शुरू हो चुका है जबकि अन्य विकासखंडों में भी इसी माह कार्य शुरू होने की उम्मीद है।
उपायुक्त स्वत: रोजगार मोहम्मद जाकिर ने बताया कि जल्द ही प्रत्येक सामुदायिक शौचालय पर स्वच्छता किट उपलब्ध होगी। इससे महिलाओं की आय बढ़ाने के साथ ही अन्य महिलाओं को भी स्वयं सहायता समूह की गतिविधियों से जुड़ने का अवसर मिलेगा।