कृषक दुर्घटना बीमा की रिपोर्ट लगाने के नाम पर लेनदेन से संबंधित ऑडियो सामने आने का मामला
नौतनवा पहुंच अपर एसडीएम ने दर्ज किया बयान, बढ़ सकती है जिलाध्यक्ष की मुश्किलें
नौतनवा। लेखपाल संघ के जिलाध्यक्ष पर कृषक दुर्घटना बीमा की रिपोर्ट लगाने के नाम पर रुपयों की मांग करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि ऑडियो वायरल होने के बाद पीड़िता के आवेदन को निरस्त कर दिया गया। जिलाधिकारी के निर्देश पर अपर एसडीएम प्रेम शंकर पांडेय ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
मंगलवार की दोपहर अपर एसडीएम ने नौतनवा तहसील में रुपयों के लेनदेन से जुड़े वायरल ऑडियो रिकॉर्डिंग के मामले में पूछताछ कर लेखपाल सूरज कुमार का लिखित बयान भी दर्ज किया। प्राथमिक जांच में लेखपाल की मुश्किलें बढ़ती हुई नजर आ रही हैं। वहीं मामला लेखपाल संघ के जिलाध्यक्ष से जुड़ा होने के नाते जांच अधिकारी कुछ भी बोलने से कतरा रहे हैं।
बता दें कि नौतनवा तहसील मुख्यालय पर तैनात एक लेखपाल वर्तमान में (लेखपाल संघ के जिलाध्यक्ष) पर सिविल कोर्ट महराजगंज के अधिवक्ता राजेश कुमार पांडेय ने उच्चाधिकारियों को पत्राचार कर एक पीड़िता से कृषक दुर्घटना बीमा की रिपोर्ट लगाने के लिए 20 हजार रुपयों की डिमांड करने और चार हजार रुपये ले लेने का आरोप लगाया था। इतना ही नहीं विरोध करने पर उक्त लेखपाल द्वारा अधिवक्ता के साथ भी कहासुनी और दुर्व्यवहार किए जाने की बात सामने आई थी। ऑडियो मिलने के बाद मामला उजागर हुआ तो पीड़िता के आवेदन को भी निरस्त कर दिया गया।
अब प्रकरण में जिलाधिकारी ने अपर एसडीएम को जांच सौंप रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। एसडीएम नवीन प्रसाद का कहना है कि लेखपाल सूरज कुमार का एक ऑडियो सामने आया है। जिलाधिकारी के निर्देश पर अपर एसडीएम जांच हेतु नौतनवा आए थे। वह अपनी रिपोर्ट डीएम के समक्ष प्रस्तुत करेंगे।