महराजगंज। जिले में संचालित निजी अस्पतालों, पैथालॉजी और मेडिकल स्टोरों की व्यवस्थाओं की जांच के लिए शनिवार को संयुक्त निरीक्षण अभियान चलाया गया।
प्रभारी सीएमओ डाॅ. नवनाथ प्रसाद, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डाॅ. वीरेन्द्र आर्या और नोडल अधिकारी (प्राइवेट हॉस्पिटल एवं झोलाछाप) के द्वारा किए निरीक्षण के दौरान सिन्दुरिया बाजार एवं शिकारपुर क्षेत्र के चार प्रतिष्ठानों में कई अनियमितता सामने आई हैं। खामियों पर संचालकों के जवाब तलब किया गया है।
टीम ने निरीक्षण की शुरुआत अपराह्न 1:05 बजे सिन्दुरिया बाजार स्थित मनोकामना पैथालॉजी से की। यह पैथालॉजी डाॅ. अजय कुमार गुप्ता के नाम से पंजीकृत पाई गई। हालांकि, मौके पर चिकित्सक अनुपस्थित मिले। निरीक्षण के समय केवल गांधी मद्धेशिया (एल.टी.) मौजूद थे। टीम ने जानकारी ली तो कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला।
इसके बाद टीम ने मां अम्बे मेडिसिन सेंटर का निरीक्षण किया। मेडिकल स्टोर पंजीकृत मिला लेकिन उसे डी-फार्मा प्रशिक्षु द्वारा संचालित किया जा रहा था। निरीक्षण में दवाओं के रख-रखाव की स्थिति संतोषजनक नहीं पाई गई।
टीम ने नरायनपुर चौराहा, सिन्दुरिया स्थित शिवम फार्मा क्लीनिक एवं मेडिकल स्टोर का भी निरीक्षण किया। मेडिकल स्टोर पंजीकृत पाया गया लेकिन क्लीनिक में बेड, कुर्सी और बीपी मशीन जैसे उपकरण भी मिले। संयुक्त टीम ने इसके बाद शिकारपुर स्थित रूनमति हॉस्पिटल का निरीक्षण किया।
प्रत्येक प्रतिष्ठान पर नोडल अधिकारी का नाम और मोबाइल नंबर स्पष्ट रूप से चस्पा करने के निर्देश दिए गए, जिससे आमजन आवश्यकता पड़ने पर सीधे संपर्क कर सकें।