प्रधानाचार्य का वेतन रुका, प्रबंधक को दी गई चेतावनी
महराजगंज। कोविड टीकाकरण में रुचि न लेना महात्मा गांधी इंटर कॉलेज बृजमनगंज के प्रधानाचार्य व प्रबंधक को भारी पड़ गया। माध्यमिक शिक्षा विभाग की ओर से जहां अग्रिम आदेश तक प्रधानाचार्य का वेतन बाधित किया गया है, वहीं विद्यालय के प्रबंधक को भी प्रतिकूल प्रविष्टि प्रदान की गई है।
जिला प्रशासन की तरफ से माध्यमिक विद्यालयों में इन दिनों कार्ययोजना बनाते हुए 15 से 18 वर्ष के विद्यार्थियों का टीकाकरण कराया जा रहा है। विद्यार्थियों के शत-प्रतिशत टीकाकरण कराने की जिम्मेदारी विद्यालय के प्रधानाचार्य को सौंपी गई है। कार्ययोजना के मुताबिक महात्मा गांधी इंटर कालेज में कोविड टीकाकरण में रुचि न दिखाए जाने पर विभाग ने जिलाधिकारी के निर्देश पर जहां प्रधानाचार्य का अग्रिम आदेश तक वेतन रोक दिया है, वहीं प्रबंधक को भी प्रतिकूल प्रविष्टि प्रदान की है। जिला विद्यालय निरीक्षक अशोक कुमार सिंह ने कहा कि टीकाकरण शासन के सर्वोच्च प्राथमिकता का कार्यक्रम है। ऐसे में शत-प्रतिशत टीकाकरण न होना जिम्मेदारों की शिथिलता का परिचायक है। अन्य विद्यालयों के जिम्मेदार भी इस दिशा में गंभीरता दिखाते हुए कार्य करना सुनिश्चित करें।
विद्यालय के विरुद्ध कार्रवाई के लिए बीएसए को पत्र
टीकाकरण केंद्र बनाए गए जनता उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नरकटहां के बंद होने तथा किसी भी शिक्षक के उपस्थित न होने पर नाराजगी जताते हुए जिला विद्यालय निरीक्षक ने जिम्मेदारों के विरुद्ध कार्रवाई के लिए बीएसए को पत्र भेजा है।