मई महीने के अंत में शुरू होगा काउंटर, 90 फीसदी काम हो चुका है पूरा
महराजगंज। जिला अस्पताल परिसर में मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पर्ची काउंटर को ओपीडी भवन के बाहर स्थानांतरित किया जा रहा है। अभी तक मरीजों और उनके तीमारदारों को ओपीडी के अंदर जाकर पर्ची कटवानी पड़ती थी, जिससे भीड़भाड़ और अव्यवस्था की स्थिति बनी रहती थी।
खासकर गर्मी के मौसम में लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। ऐसे में अस्पताल प्रशासन ने मरीजों को राहत देने के उद्देश्य से यह नई व्यवस्था शुरू करने का निर्णय लिया है। अस्पताल प्रशासन के अनुसार, नए पर्ची काउंटर का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। पहले इसे अप्रैल महीने के अंत तक शुरू किए जाने की संभावना जताई गई थी, लेकिन कुछ निर्माण कार्य अधूरे रह जाने के कारण अब इसे मई महीने के अंत तक शुरू करने की तैयारी की जा रही है। इस भवन का निर्माण रोगी कल्याण समिति की ओर से कराया जा रहा है।
मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एके द्विवेदी ने बताया कि निर्माण कार्य लगभग 90 प्रतिशत पूरा हो चुका है। केवल पर्ची काउंटर से संबंधित लकड़ी का कार्य बाकी है, जिसे जल्द पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद ओपीडी के बाहर बने नए भवन में पर्ची काउंटर का संचालन शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि नई व्यवस्था लागू होने के बाद मरीजों को लंबी कतारों और भीड़ से राहत मिलेगी।