महराजगंज। कलक्ट्रेट सभागार में शनिवार को नोडल अधिकारी की अध्यक्षता में बैठक हुई। जनपद के लिए नामित नोडल अधिकारी रमेश चंद्र विशेष सचिव, अल्पसंख्यक कल्याण विभाग अतुल सिंह विशेष सचिव, कृषि उत्पादन आयुक्त शाखा, उप्र द्वारा कलक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा और मुख्य विकास अधिकारी अनुराज जैन सहित अन्य विभागीय अधिकारियों के साथ आकांक्षी ब्लॉकों में परिलक्षित परिवर्तनों के संदर्भ में जानकारी ली।
नोडल अधिकारी ने निरीक्षण में मिली कमियों की चर्चा करते हुए स्वास्थ्य विभाग की कार्यशैली को लेकर असंतोष व्यक्त किया और सुधार के लिए निर्देशित किया। उन्होंने नवजातों के प्रभावी टीकाकरण और उससे संबंधित पंजिका तैयार कर आवश्यक विवरण दर्ज करने के निर्देश दिए।
नोडल अधिकारी ने आईसीडीएस की समीक्षा करते हुए आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को विभिन्न प्रपत्रों व पोर्टल से अद्यतन कराने का निर्देश दिया, साथ ही यह भी कहा कि जिन आंगनबाड़ी केंद्रों पर आवश्यक उपकरण नहीं हैं अथवा खराब हैं उनके लिए मांग मुख्यालय को प्रेषित करें।
जल जीवन मिशन के संदर्भ में कहा कि जल निगम योजनाओं के धरातल पर प्रभावी क्रियान्वयन के लिए अपने प्रयासों को बढ़ाए और हर घर तक जल की उपलब्धता को सुनिश्चित करें। उन्होंने पशुपालन विभाग को भी पालतू पशुओं का डेटा ग्राम स्तर पर तैयार करने के लिए निर्देशित किया।
जिलाधिकारी ने नोडल अधिकारियों के निर्देशों के अनुपालन के लिए समस्त विभागों को निर्देशित करते हुए कहा कि सभी विभाग सुनिश्चित करें कि आकांक्षी के साथ अन्य विकास खंडों में भी योजना प्रभावी तरीके से धरातल पर उतरे।
उन्होंने समस्त कार्यालयों में निरीक्षण पंजिका को सुनिश्चित करने के लिए कहा और यह भी निर्देश दिया कि जनपद स्तरीय अधिकारी सहित जो भी अधिकारी निरीक्षण के लिए जाते हैं, वे निरीक्षण पंजिका में विस्तृत निरीक्षण टिप्पणी दर्ज करेंगे। बैठक में सीएमओ डॉ. श्रीकांत शुक्ला, पीडी रामदरश चौधरी, डीएसटीओ शीश कुमार, अधिशासी अभियंता जल निगम आतिफ हुसैन मौजूद रहे।