पैसिया बाबू में दुर्घटना के बाद छतिग्रस्त वाहन को देखते पुलिस कर्मी।
परिजन कार से लेकर जांच कराने के लिए जा रहे थे भैरहवा मेडिकल कॉलेज
दुर्घटना में घायल दो अन्य की हालत गंभीर,
अड्डा बाजार। गोरखपुर-सोनौली राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित बाबू पैसिया गांव के पास बस और कार की आमने-सामने की टक्कर में चार लोग घायल हो गए। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रतनपुर में भर्ती कराया। तीन घायलों की गंभीर स्थिति को देख चिकित्सकों ने केएमसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। केएमसी मेडिकल के डॉक्टरों ने गर्भवती साबिया को मृत घोषित कर दिया। साबिया के पति, देवर और सास का इलाज जारी है।
जानकारी के मुताबिक, कोल्हुई थाना क्षेत्र के गांव करैला अजगरहा टोला भरोहिया निवासी शकील अहमद सिद्दीकी की पत्नी साबिया गर्भवती थीं। प्रसव का समय हो चुका था। बृहस्पतिवार को सुबह प्रसूता का दर्द बढ़ा तो परिजन कार से जांच कराने के लिए भैरहवा मेडिकल कॉलेज जा रहे थे। गोरखपुर-सोनौली राष्ट्रीय राजमार्ग पर नौतनवा थाना क्षेत्र के बाबू पैसिया गांव के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार बस से कार की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार के परखचे उड़ गए। बताया गया है कि कार में चालक समेत चार लोग सवार थे। कार सवार मोहम्मद नसीम (22), मोहम्मद अख्तर सिद्दकी (23) व साबिया (25) गंभीर रूप से घायल हो गए। जबकि कमरून (60) को हल्की चोटें आईं। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को एनएचआई के एम्बुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रतनपुर में भर्ती कराया। गंभीर हालत देख चिकित्सकों ने मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। केएमसी मेडिकल कॉलेज के डॉक्टरों ने गर्भवती साबिया को मृत घोषित कर दिया।
थानाध्यक्ष पुरुषोत्तम राव ने बताया कि बस और कार की टक्कर में घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र रतनपुर में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया था। महिला की मौत की सूचना नहीं मिली है।
टूट गई आंगन में किलकारी गूंजने की आस
सड़क हादसे में हुई साबिया की मौत के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। दुर्घटना की सूचना मिलते ही गांव में मातम छा गया। घर में नए मेहमान के आगमन को लेकर परिजन खुश थे। अब आंगन में किलकारी गूंजने की परिजनों की आस टूट चुकी है। साथ में गई मृतका की सास कमरून का रो-रोकर बुरा हाल है। साबिया की शादी 27 अप्रैल को कोल्हुई थाना क्षेत्र के गांव भरोहिया निवासी शकील अहमद सिद्दीकी के साथ हुई थी। साबिया का इलाज नेपाल के भैरहवा मेडिकल कॉलेज से हो रहा था। बृहस्पतिवार को सुबह साबिया को दर्द होने के बाद सास कमरून कार से लेकर भैरहवा के लिए जा रही थीं। परिजनों को अपनी आने वाली नई संतान का बेसब्री से इंतजार था लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। अस्पताल जाते समय रास्ते में ही सड़क हादसे में गर्भवती साबिया की मौत हो गई। घटना से मृतका के पति शकील अहमद सिद्दीकी सदमे में हैं। संवाद