निचलौल। भारत-नेपाल बार्डर से सटे गांव धमऊर मटरा के ग्राम प्रधान ने मुख्य विकास अधिकारी को शिकायती पत्र देकर गांव में तैनात रोजगार सेवक पर मनरेगा मजदूरी में धांधली करने का आरोप लगाया है। ग्राम प्रधान ने मामले की जांच कराकर सख्त कार्रवाई की मांग की।
धमऊर मटरा के ग्राम प्रधान पन्नालाल ने मुख्य विकास अधिकारी को दिए शिकायती पत्र में बताया है कि वित्तीय वर्ष 2023-24 में ग्राम पंचायत में सीसी रोड और इंटरलॉकिंग कार्य के साथ ही कुटी टोला स्थित प्राथमिक विद्यालय की बाउंड्री और गेट का निर्माण भी कराया गया था। इसका आंशिक भुगतान कराया गया है। जबकि मजदूरी का भुगतान अब तक नहीं हुआ है। जानकारी मांगने पर रोजगार सेवक विवाद कर रहा है। ग्राम प्रधान का आरोप है कि रोजगार सेवक ने कूटरचित तरीके से उनका हस्ताक्षर कर गांव के मजदूरों की जगह दूसरे गांव के मजदूरों के खाते में रकम भिजवा दिया है। प्रधान का कहना है कि वह ब्लॉक स्तर पर भी शिकायत कर चुके हैं लेकिन जिम्मेदारों ने उचित कार्यवाही नहीं की।