- उद्यान विभाग ने किसानों का किया चयन, इच्छुक अन्य किसान लाभ के लिए कर सकते हैं संपर्क
संपर्क संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। जिले में आलू व प्याज की खेती को बढ़ावा देने के लिए कवायद तेज कर दी गई है। राजकीय औद्यानिक मिशन के तहत होने वाली इस खेती से कुल 400 किसानों की आय को बढ़ाने की पहल शुरू कर दी गई है।
उद्यान विभाग की ओर से सब्जी की खेती से जुड़े किसानों को उन्नतिशील खेती के लिए प्रेरित किया जाना है। उद्देश्य है कि इससे जुड़कर वे जहां अपने खेती के दायरे को बढ़ा सकें, वहीं अपनी आय को बेहतर बनाकर दूसरे किसानों को भी प्रेरित करें। जिले में 40 हेक्टेयर में कराई जानी वाली प्याज की खेती से कुल 200 किसानों को जोड़ना है। इसमें उन्हीं किसानों को लाभ प्राप्त होगा, जिनके पास .2 हेक्टेयर से लेकर दो हेक्टेयर तक की खेती होगी।
-
कुफरी सिंदूरी प्रजाति के आलू की होगी बुआई
उद्यान निरीक्षक विकास श्रीनेत ने बताया कि इस वर्ष आलू के अच्छे मूल्य को देखते हुए किसानों को कुफुरी सिंदूरी प्रजाति के आलू को बोने के लिए भी जागरूक किया गया है। 100 क्विंटल आलू की बुआई कराई जाएगी। इसमें बेहतर उत्पादन होगा। बीज उद्यान विभाग को प्राप्त हो गया है।
आलू व प्याज की खेती से जिले के 400 किसानों को लाभान्वित किया जाएगा। अधिकांश किसानों का चयन कर लिया गया है। अन्य इच्छुक किसान जल्द से जल्द संपर्क कर बीज प्राप्त करना सुनिश्चित करें। पहले आओ पहले पाओ के आधार पर इसका लाभ दिया जाएगा।
संजय कुमार रस्तोगी, जिला उद्यान अधिकारी