संवाद न्यूज एजेंसी
परतावल। श्यामदेउरवां थाना क्षेत्र के ग्राम सभा गोधवल की रहने वाली पूनम की सिर पर गंभीर प्रहार कर मौत के घाट उतारा गया था। शुक्रवार को उसके शव का पोस्टमार्टम किया गया। देर रात आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट हुआ। बृहस्पतिवार की रात को पति पत्नी के बीच शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि पति ने अपना आपा खो दिया और बेरहमी से अपनी पत्नी की हत्या कर दी। पुलिस ने हत्यारे पति के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर शनिवार को जेल भेज दिया।
रुद्रपुर भलुहीं निवासी रामकिशुन ने अपनी पुत्री पूनम की शादी दस वर्ष पहले गोधवल निवासी नन्हेलाल के साथ बड़ी ही धूमधाम से की थी। लेकिन उन्हें यह नहीं पता था कि जिसके हाथों में वह अपनी बेटी का हाथ दिए है। वही हाथ उनकी बेटी की जान ले लेगी। पूनम की दो मासूम बेटियां अभी भी अपनी मां का इंतजार कर रही है। उन मासूम बच्चियों को शायद नहीं पता कि उनकी मां अब कभी भी वापस नहीं आएगी। श्यामदेउरवां थाना क्षेत्र के गोधवल में बृहस्पतिवार की रात को पति नन्हेलाल व पत्नी पूनम के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। बौखलाए पति ने पत्नी को मारना पीटना शुरू कर दिया। लड़ाई झगड़ा के दौरान ही पति ने पूनम के सिर पर गंभीर प्रहार कर दिया जिससे उसकी मौत हो गई। जान से मारने के बाद उसके शव को घर के पीछे लगभग 50 मीटर की दूरी पर स्थित धान के फसल में फेंक दिया। शुक्रवार की सुबह कुछ महिलाएं धान काटने गई तो पूनम का शव देखकर शोर मचाया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर में गंभीर चोट लगने के वजह से पूनम की मौत होने की पुष्टी हुई।
थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि पूनम की मां की तहरीर पर आरोपी पति नन्हेलाल के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया।