मतदान अधिकारियों के साथ बैठक करते डीएम वीके सिंह।
- फोटो : अमर उजाला
महराजगंज। जिला निर्वाचन अधिकारी डीएम वीरेंद्र कुमार सिंह पीठासीन एवं मतदान अधिकारियों को किसी का आतिथ्य स्वीकार नहीं करने की हिदायत दी है। कहा कि स्कूलों पर तैनात रसोइया उनका नाश्ता एवं भोजन तैयार करेंगे। इसका उन्हें ही भुगतान करना होगा।
उन्होंने कहा कि सेक्टर मजिस्ट्रेट 3 मार्च की शाम बूथ पर जाकर प्रत्येक का पारिश्रमिक का भुगतान नकद करेंगे। जिलाधिकारी कलेक्ट्रेट सभागार में जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट को मतदान संबंधी व्यवस्था की जानकारी दी। कहा कि सभी 99 सेक्टर मजिस्ट्रेट तथा 10 जोनल मजिस्ट्रेट नियमित अंतराल पर बूथ का निरीक्षण कर पीठासीन अधिकारी की डायरी देखेंगे तथा दो घंटे पर मतदान प्रतिशत की जानकारी देंगे।
उन्होंने बताया कि उनके साथ में 99 सेक्टर पुलिस अफसर सुरक्षा के लिए मय फोर्स के साथ रहेंगे। 64 क्रिटिकल केंद्रों पर केंद्रीय कार्यालयों के अधिकारी माइक्रोऑब्जर्वर तैनात हैं। ये मतदान प्रक्रिया की रिपोर्ट देंगे। 176 बूथों की बेवकॉस्टिंग कराई जा रही है। यहां डिजिटल कैमरा से पूरे मतदान प्रक्रिया की प्रसारित होगी। सोहगीबरवा तथा वनटांगिया गांव में बूथों पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट नियुक्त किये जा रहे हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जिले के कंट्रोल रूम के अलावा सभी ब्लाकों पर भी कंट्रोल रूम की स्थापना हो रही है। तीन मार्च को सुबह 6 बजे सभी पीठासीन एवं मतदान अधिकारी कलेक्ट्रेट से बूथवार ड्यूटी प्राप्त करेंगे तथा विधानसभावार काउंटर से ईवीएम और स्टेशनरी का थैला लेंगे। सभी जोनल सेक्टर मजिस्ट्रेट की एक एक ई बीएम तथा स्टेशनरी का थैला अपने साथ रखेंगे। इस मौके पर सीडीओ रामनेवास तथा डीडीओ राधेश्याम, दीपक पांडेय के अलावा सभी जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट उपस्थित रहे।
जिला निर्वाचन अधिकारी वीरेंद्र कुमार सिंह बताया कि विधान सभा चुनाव के लिए जनपद में चार फरवरी को मतदान होना है। समस्त पीठासीन अधिकारी एवं मतदान अधिकारी तीन मार्च को कलक्ट्रेट परिसर से अपने मतदान स्थलों के लिए प्रस्थान करेंगे।
उन्होंने निर्देश दिया है कि पीठासीन अधिकारी व मतदान अधिकारी रात्रि में मतदान स्थल पर ही निवास करेंगे। चार मार्च को मतदान सम्पन्न कराने के पश्चात कलक्ट्रेट के लिए प्रस्थान करेंगे। उन्होंने अधीनस्थ जनपद के समस्त सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र आदि पर तैनात संबंधित चिकित्सक तथा स्टाफ नर्स व अन्य स्टाफ को निर्देशित किया है कि तीन मार्च से चार मार्च तक उपस्थित रहे। आकस्मिकता की स्थिति में उपचार आदि की व्यवस्था सुनिश्चित हो सके। किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।