महराजगंज। जिले में रंगों के पर्व होली की हर तरफ धूम नजर आ रही है। बृजमनगंज कस्बा समेत आसपास के तमाम ग्रामीण क्षेत्र के चौराहों पर रंग-बिरंगी दुकान सज चुकी हैं। हर तरफ होली की खुमारी नजर आ रही है। मौका देखकर पंचायत चुनाव के दावेदार भी सक्रिय हो गए हैं।
आगामी पंचायत चुनाव को देखते हुए तमाम संभावित प्रत्याशी भी होली के बहाने जनसंपर्क कर मिलने-जुलने लगे हैं।नेताओं के लिए होली का त्योहार लोगों के बीच जाने और राजनीति साधने का जरिया बनता दिख रहा है। इसके साथ ही खिलाने-पिलाने और दावतों का दौर भी शुरू हो गया है।
विभिन्न पदों पर दावेदारी के इच्छुक नेतागण मतदाताओं को रिझाने के लिए लोगों को अभी से दावत दे रहे हैं। साथ ही होली के बहाने जनसंपर्क कर लोगों के बीच जा रहे हैं। संभावित प्रत्याशी जगह-जगह होली मिलन समारोह आयोजित कर रहे हैं।
होली के बहाने संभावित प्रत्याशी घर-घर जाकर लोगों से संपर्क कर रहे हैं। हालांकि कई मतदाता भी नेताओं के इस पैतरे को समझ रहे हैं और कुछ तो नेताओं की अचानक सक्रियता को लेकर सवाल भी उठा रहे हैं।
नगर पंचायत कार्यालय पर भी अध्यक्ष राकेश जायसवाल के साथ लोगों ने होली खेली। पूर्व प्रधान व वरिष्ठ सपा नेता दिलीप चौधरी के कार्यालय पर भी होली की रौनक देखी गई और लोग जमकर अबीर-गुलाब गुलाल उड़ाते हुए नजर आए। समूचे क्षेत्र में लोगों पर होली की खुमारी चढ़ती नजर आ रही है। लोग अबीर- गुलाल उड़ाते हुए एक दूसरे को होली की शुभकामनाएं दे रहे हैं।