अपह्त बच्चों का पता लगाने में पुलिस नाकाम
स्कूल जाते समय कार सवार बदमाशों ने किया था अपहरण
फरेंदा (महराजगंज)। कोल्हुई क्षेत्र से 17 नवंबर को स्कूल जाते समय दो बच्चों के अपहरण की घटना हुए करीब एक माह हो रहे हैं, लेकिन पुलिस उन्हें ढूंढ नहीं पाई है। बच्चों के सकुशल घर आने की मां राह देख रही है ।
जानकारी के अनुसार कोल्हुई थानाक्षेत्र निवासी तरन्नुम के दो बच्चे 17 नवंबर को स्कूल जा रहे थे। आरोप है कि चंदनपुर चौराहे से कार सवार बदमाशों ने दोनों बच्चों का अपहरण कर लिया था। दिनदहाड़े हुई इस घटना सेसनसनी फैल गई थी। मां की तहरीर पर पुलिस ने पूर्व पति सउद अहमद समेत 12 लोगों के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने गोरखपुर स्थित सउद अहमद के घर पर कुर्की का आदेश भी जारी कर दिया है। सीओ सुनील दत्त दूबे ने बताया कि पुलिस टीम कार्य कर रही है। पूर्व पति के न्यायालय पहुंचने का मामला सामने आ रहा है। शीघ्र ही घटना का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।