कुशीनगर के थाना कप्तानगंज भड़सार निवासी अजय यादव गोरखपुर में अमित सिंह के साथ काम करते हैं। वह गोरखपुर के पादरी बाजार में रहते हैं। मंगलवार सुबह सात बजे वह कुछ काम से नौतनवा पहुंचे। एक्सिस बैंक शाखा के पास बस से उतर कर पैदल जा रहे थे तभी एक कार से चार लोग आए और खुद को क्राइम ब्रांच का बताकर उनके साथ मारपीट कर जबरन उन्हें कार में बैठा लिया और गोरखपुर की तरफ चल दिए। अजय के अनुसार, उनके पास उस समय पांच लाख रुपये थे, जिसे कार सवारों ने छीन लिया और उन्हें कोल्हुई के पास उतारकर फरार हो गए।
अजय ने करीब 11.30 बजे नौतनवा पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई। इसके बाद छपवा टोल प्लाजा पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले, लेकिन कोई अहम सुराग हाथ नहीं लगा। पुलिस ने चार अज्ञात लोगों के खिलाफ बंधक बनाकर लूटने के आरोप में केस दर्ज किया है। क्षेत्राधिकारी नौतनवा जय प्रकाश त्रिपाठी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।