सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने प्रार्थना सभा को बंद कराया
आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है पुलिस
सिसवा बाजार। कोठीभार थाना अंतर्गत ग्राम सभा सोनबरसा में रविवार को कथित तौर पर धर्मांतरण की सूचना पुलिस को मिली। मौके पर पहुंची पुलिस एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
हिंदू संगठन के सदस्यों को ग्राम सभा सोनबरसा में धर्मांतरण के नाम पर प्रार्थना सभा आयोजित होने की सूचना काफी दिनों से मिल रही थी। रविवार को भी प्रार्थना होने की जानकारी होने भाजपा के प्रांतीय परिषद सदस्य धर्मनाथ खरवार के नेतृत्व में पवन पांडेय, ज्ञानेंद्र पाठक, हृदयेश तिवारी, दीपक सोनी, योगेश जायसवाल, अमित पूरी और विश्वजीत चौबे मौके पर पहुंचे। धर्मनाथ खरवार ने प्रार्थना सभा होते देख तत्काल कोठीभार पुलिस को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने प्रार्थना सभा को बंद कराया और आरोपी को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने मौके से कुछ धार्मिक पुस्तकें भी बरामद की हैं। यह भी बताया गया है कि दो वर्ष पूर्व भी इसी आरोपी पर धर्मांतरण का आरोप लगा था। उस समय भी पुलिस ने आरोपी सहित चार लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की थी।
प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि धर्मांतरण मामले मे सोनबरसा निवासी पवन पाण्डेय की तहरीर पर सोनबरसा के ही राजकिशोर के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज हुई है।