सिद्धार्थनगर। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत शनिवार को बीएसए ग्राउंड में 267 जोड़े एक-दूजे से विवाह बंधन में बंध गए। इसमें हिन्दू समुदाय के 195, बौद्ध धर्म के 55 तथा मुस्लिम समुदाय के 17 जोड़ो का विवाह हुआ।
सांसद जगदंबिका पाल ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशन और जिला प्रशासन के कुशल नेतृत्व में भव्य रूप से सामूहिक विवाह कार्यक्रम संपन्न हो रहा है। गरीब परिवारों के बेटियों को अपनी शादी धूमधाम से होने की चिंता रहती है। मुख्यमंत्री द्वारा उनकी चिंता को दूर करते हुए समान रूप से सामूहिक विवाह के माध्यम से भव्य रूप से करने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि शादी के बाद परिवार की जिम्मेदारी सम्हालने के लिए रोजगार की आवश्यकता होती है जो लोग उद्योग, कालानमक, कंप्यूटर व अन्य क्षेत्रों में कार्य करना चाहते हैं। उनको ऋण उपलब्ध कराकर स्वरोजगार से जोड़ा जाएगा। विधायक श्यामधनी राही ने कहा कि गरीब परिवारों के बेटियों की शादी के लिए सभी जिलों में सामूहिक विवाह के माध्यम से शादी कराई जा रही है। जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने कहा कि प्रत्येक जोड़े के बैंक खाते में डीबीटी के माध्यम से 60 हजार दिए गए हैं जबकि 25 हजार का सामान और 15000 बारात पर व्यय किया गया।
इस दौरान एसपी डॉ. अभिषेक महाजन, सांसद प्रतिनिधि एसपी अग्रवाल, एडीएम गौरव श्रीवास्तव, पीडी नागेंद्र मोहन राम त्रिपाठी, एसडीएम कल्याण सिंह मौर्य, डीडीओ राजमणि वर्मा आदि उपस्थित रहे।