परतावल। श्यामदेउरवां थाना क्षेत्र के चिलम चौक पर वाहन चेकिंग के दौरान हुई कथित पुलिस की बर्बरता का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। मारपीट और उत्पीड़न के आरोपों के बीच पीड़ित पक्ष ने पुलिस अधीक्षक को शिकायत पत्र सौंपकर दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने तथा निष्पक्ष जांच की मांग की है।
शिकायतकर्ता रामा, संजय गुप्ता और सोहन चौधरी निवासी महम्मदा टोला पिपरहवा चिलम चौक का आरोप है कि 20 मई की शाम श्यामदेउरवां थाने में तैनात उप निरीक्षक मंगला प्रसाद, कांस्टेबल रोहित यादव, सूरज यादव समेत अन्य पुलिसकर्मी वाहन चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान रवि शर्मा नामक युवक गैस खत्म होने पर घर के पास लकड़ी लेने जा रहा था, जिसे पुलिस ने रोक लिया।
आरोप है कि हेलमेट और कागजात मांगने के दौरान पुलिसकर्मियों ने युवक के साथ अभद्रता करते हुए मारपीट शुरू कर दी। पीड़ितों के अनुसार, जब स्थानीय लोग बीच-बचाव करने पहुंचे तो पुलिसकर्मी उन पर भी भड़क गए और गाली-गलौज करते हुए मारपीट करने लगे। शिकायत में कहा गया है कि रामा की पत्नी अंगीरा को भी पुलिसकर्मियों ने नहीं बख्शा और उनके साथ भी मारपीट की गई। एसपी शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि मामले की जांच क्षेत्राधिकारी सदर को सौंपी गई है।