महराजगंज। गर्मी में बच्चे बीमार हो रहे हैं। निमोनिया की वजह से फेफड़ों में संक्रमण हो रहा है। तेज गर्मी, दूषित खाने पीने, धूप से आकर तुरंत ठंडी चीज पीने से यह समस्या हो रही है। जिला अस्पताल में इन दिनों 8 से 10 मरीज इस समस्या से पीड़ित आ रहे हैं।
तेज धूप और लू से डायरिया, पेट में दर्द और निमोनिया के मरीजों को दिक्कत बढ़ रही है। जिला अस्पताल के बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. रंजन मिश्रा ने बताया कि गर्मी और दूषित सामग्री खाने-पीने से डायरिया, धूप से आकर तुरंत ठंडी चीजें खाने-पीने से निमोनिया के मरीज बढ़े हैं। फेफड़ों में संक्रमण की समस्या आ रही है।
बीते 8-10 दिन में रोजाना 100 से 150 मरीज ओपीडी और इमरजेंसी में आ रहे हैं। इनमें उल्टी-दस्त, पेट में दर्द, पानी की कमी और पसली चलने की परेशानी मिली। रक्तचाप गड़बड़ाने से घबराहट की भी दिक्कत मिल रही है। राहत की बात है कि इलाज से मरीज ठीक हो रहे हैं। सीएमएस डॉ. एके द्विवेदी ने बताया कि अस्पताल में बेहतर इलाज का इंतजाम है।