महराजगंज। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने सोमवार को कलक्ट्रेट सभागार में राजस्व और विकास कार्यों संबंधी विभिन्न योजनाओं की सीएम डैशबोर्ड पर प्रगति की समीक्षा की।जिलाधिकारी ने राजस्व, उद्योग, खनन, पंचायती राज, कृषि, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल कल्याण, सहकारिता, पर्यटन, पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक, उद्योग सहित विभिन्न विभागों की विकास परियोजनाओं की समीक्षा की।
बैठक में जिलाधिकारी ने बी, सी और डी ग्रेड प्राप्त योजनाओं में प्रगति को सुधारने के संदर्भ में कड़ा निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने पीएम सूर्यघर में प्रगति को बढ़ाने के लिए प्राप्त आवेदनों में टेली कॉलिंग कराने का निर्देश दिया। उन्होंने फैमिली आईडी निर्माण को भी तेज करने और सभी संबंधित विभागों को लक्ष्य के सापेक्ष कर एवं राजस्व प्राप्ति को बढ़ाने के संदर्भ में निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि सभी विभाग तहसीलों के साथ समन्वय कर आरसी का मिलान सुनिश्चित कराएं, ताकि आरसी की वसूली सुनिश्चित की जा सके। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह, एडीएम डॉ प्रशांत कुमार, डीडीओ बीएन कन्नौजिया, पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी कन्हैया यादव, सहायक पर्यटक अधिकारी प्रभाकर मणि त्रिपाठी उपस्थित रहे।