महराजगंज। जवाहर नवोदय विद्यालय महराजगंज में नवोदयन मित्र संस्था के तत्वावधान में एक पेड़ मां के नाम पौधरोपण किया गया। मुख्य अतिथि कर्नल आलोक सिंह ने पौधरोपण को मातृभक्ति और राष्ट्र सेवा दोनों से जोड़ते हुए कहा, जिस प्रकार एक सैनिक सीमाओं की रक्षा करता है उसी प्रकार हर नागरिक का यह कर्तव्य है कि वह पर्यावरण की रक्षा करें।
आज लगाया गया हर पेड़ आने वाले वर्षों में धरती के लिए एक हरित प्रहरी की भूमिका निभाएगा। उन्होंने छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा कि आप अपने जीवन में चाहे जिस क्षेत्र में जाएं, देश और प्रकृति के प्रति समर्पण की भावना को हमेशा बनाए रखें।
प्रधानाचार्य आरके राय ने कहा कि विद्यालय में ऐसे कार्यक्रम बच्चों को प्रकृति के प्रति संवेदनशील बनाते हैं और उनमें सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करते हैं। नवोदयन मित्र संस्था के सचिव पुर्णेन्दु शुक्ला ने बताया कि यह संस्था जवाहर नवोदय विद्यालय के पूर्व छात्रों द्वारा बनाई गई है, जो समाज, शिक्षा और पर्यावरण के क्षेत्र में सक्रिय रूप से कार्य कर रही है। उन्होंने कहा हमारा उद्देश्य केवल पौधारोपण नहीं, बल्कि उन पौधों की देखभाल और संरक्षण भी है। इस अवसर पर विनोद वर्मा, भागीरथी पटेल, हरिवंश मौजूद रहे। संवाद