ठूठीबारी। सरकार ग्रामीण अंचल में शुद्ध पेयजल को लेकर तरह-तरह के कवायद कर रही है लेकिन जलकल विभाग मामले में गंभीर नहीं दिख रहा है। विभाग की उदासीनता के कारण कालीगंज, सडकहवां में सड़क पर पीने का हजारों लीटर पानी बह रहा है।
जानकारी के अनुसार, दो माह से ठूठीबारी पुलिस बूथ के उत्तर राजकुमार गुप्ता के घर समीप और जनार्दन गुप्ता, टीचर कॉलोनी, कालीगंज, सडकहवां में पानी का पाइप काफी दिनों से टूटा हुआ है। ठूठीबारी कस्बे में शुद्ध पेयजल की सप्लाई के लिए जलकल विभाग ने ग्राम सभा के टोला सड़कहवा में 1998 में पानी टंकी का निर्माण कराया था। इसके माध्यम से कस्बे के कालीगंज, शांति नगर, मर्चहवा, मास्टर कॉलोनी, सड़कहवा व धरमौली में पानी की सप्लाई दी जाती है। सप्लाई की पाइप कस्बे में जगह-जगह टूट गया है। इससे हजारों लीटर पीने योग्य पानी सड़कों पर बहकर बर्बाद हो रहा है।
ग्रामवासी रामभुआल, सुशील द्विवेदी, प्रदीप कुमार, राजन कसौधन, अजय मद्धेशिया, संजय कुमार, इंदर प्रसाद यादव, धर्मेंद्र मद्धेशिया का कहना है कि लोग स्वच्छ पेय जल के लिए तरस रहे है और विभाग के लोग तमाशा देख रहे है। जलकल विभाग के जेई आरबी सिंह ने बताया कि टूटी पाइप ठीक करा दिया जाएगा।