महराजगंज। लोकसभा चुनाव के मद्देनजर मतदाता जागरूकता कार्यक्रम के अंतर्गत बृहस्पतिवार को पिंक रैली निकाली जाएगी। कोई मतदाता मतदान से ना छूटे इस उद्देश्य से पिंक स्कूटी रैली का आयोजन किया गया है। जिला जिला निर्वाचन अधिकारी अनुनय झा और एडीएम डाॅ. पंकज वर्मा कलक्ट्रेट परिसर से रवाना करेंगे।
रैली में सभी वाहन चालकों की गाड़ियों पर मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए लिखे गए जागरूकता बैनर होंगे। वाहन पर सवार दो लोग हेलमेट के साथ ही रहेंगे। उक्त जानकारी स्वीप के जिला प्रभारी जिला विद्यालय निरीक्षक अमरनाथ राय ने देते हुए बताया कि आयोजन के लिए नोडल बेसिक शिक्षा अधिकारी श्रवण गुप्ता और डीपीओ को बनाया जा चुका है।
जिला विद्यालय निरीक्षक ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग की मंशा के अनुसार मतदाता अधिक से अधिक जागरूक हो इसलिए संयुक्त विभागों को जोड़ते हुए कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। कहा कि मतदान से जरूरी कोई काम नहीं। रैली में शामिल लोग अपने साथ-साथ अपने आसपास के लोगों को भी मतदान करने के लिए प्रेरित करेंगे। नोडल श्रवण गुप्ता बीएसए ने बताया कि पिंक रैली का उद्देश्य मतदाताओं को जागरूक करना है।
पिंक रैली में बेसिक शिक्षा विभाग के 500 कर्मी रहेंगे। 250 से अधिक स्कूटी और बाइक से प्रतिभाग करने के लिए कहा गया है। माध्यमिक शिक्षा विभाग ने भी सदर के 200 से अधिक शिक्षक/शिक्षिकाओं को आमंत्रित किया है। इसके अलावा भी अन्य विभागों के 300 से अधिक कर्मी शामिल होंगे। महिलाओं को स्कूटी और पुरुषों को बाइक पर हेलमेट लगाकर रैली में प्रतिभाग के लिए आमंत्रित किया गया है।