कोहरगड्डी चौराहे पर साफ-सफाई नहीं होने से निकल रहा दुर्गंध
परसामलिक। नौतनवां-ठूठीबारी मुख्य मार्ग पर स्थित ग्राम पंचायत कोहरगड्डी चौराहे पर कूड़ा-कचरा जमा होने से दुर्गंध फैल रही है। इससे राहगीरों, दुकानदारों और स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों ने संबंधित अधिकारियों से शीघ्र साफ-सफाई कराने की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, नौतनवां ब्लॉक क्षेत्र के कोहरगड्डी चौराहे पर सड़क की पटरी पर कूड़े का ढेर लगा हुआ है। इससे उठ रही दुर्गंध के कारण लोगों का आवागमन मुश्किल हो गया है। वहीं, आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों को संक्रामक बीमारियां फैलने की आशंका सता रही है।
राहगीर विजय कुमार, सफीक, वीरेंद्र, सुभाष, अवधेश, महबूब अली, अनीस, प्रमोद और नारद समेत अन्य लोगों ने बताया कि कूड़ा जमा होने से राहगीरों को काफी दिक्कतें हो रही हैं। उन्होंने जल्द से जल्द कूड़ा हटवाकर नियमित साफ-सफाई कराने की मांग की है।
इस संबंध में एडीओ पंचायत रामकृष्ण प्रसाद ने बताया कि जल्द ही साफ-सफाई कराई जाएगी।