महराजगंज। जिला अस्पताल में सीटी स्कैन मशीन मंगलवार को भी ठीक नहीं हो सकी। सोमवार को 25 मरीजों का सीटी स्कैन करने के बाद मशीन में तकनीकी खराबी आ गई थी, इसके बाद जांच सेवा पूरी तरह ठप हो गई है। मशीन बंद होने से प्रतिदिन सीटी स्कैन कराने आने वाले मरीजों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
अस्पताल प्रशासन के अनुसार मशीन के पिक्चर ट्यूब में खराबी आई है। यह एक महत्वपूर्ण उपकरण है, जिसके बिना सीटी स्कैन मशीन का संचालन संभव नहीं है। खराबी की जानकारी मिलते ही संबंधित कंपनी के इंजीनियर को सूचित किया गया था। जांच के दौरान पता चला कि मशीन में नया पिक्चर ट्यूब लगाना होगा।
मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एके द्विवेदी ने बताया कि सीटी स्कैन मशीन का पिक्चर ट्यूब सिंगापुर से मंगाया जा रहा है। विदेश से उपकरण आने में करीब तीन दिन का समय लग सकता है। इसके बाद इंजीनियर द्वारा मशीन में नया ट्यूब स्थापित कर परीक्षण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि यदि सब कुछ सामान्य रहा तो सोमवार से सीटी स्कैन सेवा पुनः सुचारु रूप से शुरू होने की उम्मीद है। यानि पांच दिनों तक सीटी स्कैन की सुविधा मरीजों को नहीं मिल सकेगी।