पीईटी: प्रश्नों से ज्यादा बदहाल व्यवस्था से जूझे परीक्षार्थी
- संतकबीरनगर से आए परीक्षार्थियों को केंद्र पर पहुंचने में हुई परेशानी
महराजगंज। प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) रविवार को जिले के 18 केंद्रों पर हुई। परीक्षा देने संतकबीरनगर से आए परीक्षार्थियों को प्रश्नों से अधिक बदहाल व्यवस्था से जूझना पड़ा। बसों की संख्या कम होने से उन्हें केंद्र तक पहुंचने में काफी परेशानी हुई। परीक्षा छूटने के बाद वापस लौटने के लिए काफी जद्दोजहद करनी पड़ी।
दो दिवसीय परीक्षा में दूसरे दिन रविवार को संतकबीरनगर जिले के परीक्षार्थियों की जिले में परीक्षा थी। पुरुष वर्ग के परीक्षार्थी हों या महिला वर्ग की, सभी को केंद्रों पर पहुंचने में समस्याओं का सामना करना पड़ा। विभिन्न केंद्रों पर परीक्षा देने के लिए आए परीक्षार्थियों से आवागमन की समस्या पर बात की गई तो उन्होंने दुश्वारियों को कुछ इस प्रकार बताया।
--------
संतकबीरनगर से गोरखपुर के लिए तो बस मिल गई, मगर गोरखपुर से महराजगंज आने के लिए लगभग डेढ़ घंटे तक बस का इंतजार करना पड़ा। बस मिली तो उसमें काफी भीड़ हो गई, जिससे यात्रा में समस्या आई।
आनंद कुमार वर्मा, परीक्षार्थी
-------------------
संतकबीरनगर से निकलने के दौरान ही लगभग दो घंटे तक बस का इंतजार करना पड़ा। किसी तरह गोरखपुर पहुंचा तो महराजगंज के लिए बस बड़ी मुश्किल से मिली। समय से पहुंचने के चक्कर में पूरे रास्ते खड़े रहकर आना पड़ा।
वीरेंद्र कुमार, परीक्षार्थी
----------------
परीक्षा के लिए आते वक्त गोरखपुर से खड़े होकर बस में आना पड़ा। जाने के लिए भी महराजगंज में एक घंटे से अधिक समय से बस का इंतजार किया जा रहा है। प्रश्नपत्र के साथ आवागमन की बदहाल व्यवस्था से जूझना पड़ा।
प्रीति, परीक्षार्थी
----------
केंद्र तक पहुंचने के लिए जगह-जगह वाहन बदलना पड़ा। लोगों से बार-बार पूछना पड़ा। वापस घर जाने के लिए घंटे भर से बस का इंतजार कर रहे हैं।
साक्षी श्रीवास्तव, परीक्षार्थी
-----------------------
4,339 परीक्षार्थियों ने छोड़ी प्रारंभिक अर्हता परीक्षा
फोटो
- जिले के 18 परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई परीक्षा
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। जिले के 18 परीक्षा केंद्रों पर रविवार को प्रारंभिक अर्हता परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई गई। परीक्षा के लिए दो पालियों मेें कुल 16,608 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिसमें से 12,269 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 4,339 ने परीक्षा को छोड़ दी। परीक्षा के सकुुशल संपन्न होने पर प्रशासन ने राहत की सांस ली है।
जिला विद्यालय निरीक्षक अशोक कुमार सिंह ने बताया कि रविवार को पहली पाली में आयोजित हुई प्रारंभिक अर्हता परीक्षा में पंजीकृत 8,304 परीक्षार्थियों में से 6,073 ने परीक्षा में हिस्सा लिया, जबकि 2,231 ने परीक्षा छोड़ दी। वहीं, दूसरी पाली में भी पंजीकृत 8,304 परीक्षार्थियों में से 6,196 ने परीक्षा दी, जबकि 2,108 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। अपर जिलाधिकारी डॉ. पंकज कुमार वर्मा ने बताया कि समग्र प्रयास से जिले में प्रारंभिक अर्हता परीक्षा शांतिपूर्ण एवं शुचितापूर्ण ढंग से संपन्न हो गई।
-------------------
डीएम-एसपी व अन्य अधिकारियों ने भी रखी परीक्षा पर नजर
जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार व पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने नगर के जवाहर लाल नेहरू स्मारक कॉलेज पर पहुंचकर परीक्षा के बारे में जानकारी ली तथा परीक्षा से जुड़े लोगों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। अपर जिलाधिकारी डॉ. पंकज कुमार वर्मा ने भी नगर के साथ-साथ अन्य केंद्र पर पहुंचकर परीक्षा की स्थिति को देखा तथा स्टेटिक मजिस्ट्रेट व केंद्र अधीक्षक को आवश्यक निर्देश दिए।
----------------------------------
सक्रिय दिखे पुलिस व यातायात कर्मी
नगर में 10 परीक्षा केंद्रों के बनने से पहले दिन उत्पन्न हुई जाम की स्थिति से निपटने के लिए पुलिस व याताया कर्मियों ने रविवार को सक्रियता दिखाने का कार्य किया। वे सुबह से ही वाहनों से भ्रमणशील रहकर सड़क किनारे खड़े वाहनों व व्यक्तियों को हटवाते रहे, जिसका असर यह रहा कि दूसरे दिन जाम की स्थिति उत्पन्न नहीं होने पाई तथा परीक्षार्थी भी सुविधाजनक तरीके से अपने घर के लिए रवाना हो गए।
---------------------
सहायता केंद्र पर हुआ परीक्षार्थियों का मिलान
रविवार को भी सभी परीक्षा केंद्रों पर बने सहायता केंद्र पर सघन तरीके से परीक्षार्थियों का मिलान कराया गया। उनकी ओर से प्रस्तुत अभिलेख व पहचान पत्र से उनका मिलान कर ही शिक्षकों ने उन्हें अंदर भेजा।
-------------------
केंद्रों पर रही कड़ी सुरक्षा व्यवस्था
प्रारंभिक अर्हता परीक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रखी गई थी। अपर पुलिस अधीक्षक आतिश कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस कर्मियों ने परीक्षा को सुचारु रूप से संपन्न करने में अहम भूमिका निभाई।
--------------------
रात्रि विश्राम की व्यवस्था की
जिला प्रचार प्रमुख अनिल राय ने बताया कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने महाराजगंज में परीक्षा देने आए परीक्षार्थियों के रात्रि विश्राम व भोजन के साथ ही रुकने की महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज में व्यवस्था की थी। श्रीपति, कुलदीप, नागेंद्र, अविनाश, अमृत, गौरव, हिमांशु, अंशु, वेद, प्रेषक बेहतर व्यवस्था बनाने में जुटे रहे।