आवास व शौचालय के लिए किया प्रदर्शन
महराजगंज। निचलौल तहसील के ग्रामसभा गुरली रमगढ़वा के टोला सोनगढ़वा निवासी ग्रामीणों ने आवास व शौचालय निर्माण की मांग को लेकर शुक्रवार को डीएम कार्यालय पर प्रदर्शन किया। डीएम को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की गई। ग्रामीणों ने कहा कि मजदूरी कर परिवार का पालन पोषण किया जा रहा है। इसके बाद भी आजतक शासन की ओर से संचालित प्रधानमंत्री आवास व स्वच्छ भारत मिशन के तहत शौचालय का निर्माण नहीं कराया गया जिससे परेशानी उठानी पड़ रही है।
गांव की लीलावती देवी ने कहा कि आवास व शौचालय निर्माण के लिए ब्लॉक का चक्कर लगाने के बाद भी योजना का लाभ नहीं मिला। गांव स्तर पर भी अधिकारियों से मांग की गई लेकिन किसी ने नहीं सुना। परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है। हम लोग मजदूरी कर जीवन यापन करते हैं। ऐसे में शौचालय न होने से खुले में शौच के लिए जाना पड़ता है। सभी को योजना के अनुसार प्रधानमंत्री आवास व शौचालय का लाभ दिया जाए जिससे लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो सके। इस मौके पर सुमित्रा, रंभा, एकमी, संगीता, सुरेंद्र, रामसवारे, सावित्री, इंद्रावती, कलावती, मेनका, श्रीनिवास, बिंदा, राधिका, संजय, मालती, पुष्पा, माधुरी, आशा आदि मौजूद रहीं।