महराजगंज के पुरंदरपुर के श्रीनगर ताल के पुल व उसके सुंदरीकरण के लिए जिला पंचायत सदस्यों के साथ क्षेत्र के लोगों ने सोमवार को पुल के पास अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया जिला पंचायत सदस्य सुरेश सहानी, डीपी शास्त्री, जितेन्द्र कुमार शर्मा, ग्यासुद्दीन, जुगानी जायसवाल, मोहन प्यारे आदि ने सोमवार को दिन में लगभग 11 बजे श्रीनगर ताल के सुंदरीकरण व उस पर पुल निर्माण के लिए धरने पर बैठ गए।
जिला पंचायत सदस्य सुरेश सहानी ने कहा कि दो विधानसभा क्षेत्रों की सीमा पर श्रीनगर ताल का पुल है। जिसे अंग्रेजों ने निर्माण कराया था। किसानों की सुविधा के लिए फसलों की सिंचाई के बाबत ताल से नहर भी निकाली गई थी। इससे दर्जन भर गांवों के लोग फसलों की सिंचाई करते थे। श्रीनगर ताल का पुल फरेंदा, लक्ष्मीपुर व बृजमनगंज क्षेत्र के ग्राम पंचायतों के प्रमुख संपर्क मार्गों को जोड़ता था। इसी पुल के रास्ते महराजगंज व सिद्वार्थनगर लोग आते जाते थे। पुल पांच वर्ष से जर्जर था। जिस पर आवागमन शुरू था। बीते 15 नवंबर को सुबह के समय पुल टूट गया। पुल टूटने के बाद उस रास्ते आवागमन बाधित हो गया। इसके बाद पुल बनवाने के लिए सीएम को भी पत्रक भेजा गया लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। इस दौरान प्रधान दीनानाथ, नजरे आलम, रामकेवल आदि मौजूद थे।