ग्रामीणों न विद्युत उपकेंद्र पर ताला लगाया।
- फोटो : अमर उजाला
विद्युत उपकेंद्र पनियरा पर संविदा पर तैनात लाइन मैन पुनिल (25 वर्ष) की 29 मई को पोल पर चढ़ कर लाइन ठीक करते समय करेंट लगने से मौत हो गई थी। गांव वालों और उसके परिवार के लोगों में आक्रोश है कि मौत के दो दिनों बाद भी विद्युत विभाग का कोई भी जिम्मेदार अधिकारी नहीं आया। इससे गुस्साए लोगों ने उपकेंद्र पनियरा पर ताला लगा दिया और धरने पर बैठ गए।
कहा कि जब तक कोई जिम्मेदार अधिकारी मौके पर नहीं आएगा तब तक धरना जारी रहेगा। ग्रामीणों ने मुख्य अभियंता एके श्रीवास्तव से फोन पर बात की तो उन्होंने कमिश्नर की मीटिंग का हवाला देकर आने से इनकार कर दिया। उन्होंने मौके पर एसडीओ को भेजने का आश्वासन दिया। कहा कि परिजनों की मांग जायज है उसे पूरा करने का प्रयास किया जाएगा।
एसडीओ अविनाश कुमार सिंह ने माहौल गरम देख उन्होंने पुलिस फोर्स बुला ली। उन्होंने आश्वासन दिया की 10 दिनों के अंदर सवा पांच लाख रुपये मृतक के परिजनों को दिलवा दिया जाएगा। दोषी कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। तब जाकर धरना समाप्त हुआ। धरने में परिजनों के अलावा संत कुमार, हेमंत कुमार, पन्ने चौहान, राजेन्द्र चौहान व गणेश पासवान सहित बड़ी संख्या में गांव के लोग मौजूद रहे।